Adani Foundation: अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने श्रीमद् राजचंद्र मिशन धरमपुर (SRMD) के साथ जमीनी स्तर के प्रोजेक्ट्स पर मिलकर काम करने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि अदाणी फाउंडेशन इस आध्यात्मिक संगठन के मानवीय कार्यों में साझेदारी करने के लिए उत्सुक है।
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी और उनकी पत्नी व अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी ने गुजरात के वलसाड जिले में स्थित श्रीमद् राजचंद्र मिशन धरमपुर के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान दोनों ने मिशन के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु पूज्य गुरुदेवश्री राकेशजी का आशीर्वाद लिया।
मानवीय पहलों में साझेदारी की तैयारी
रिपोर्ट के अनुसार, गौतम अदाणी ने मिशन की मानवीय शाखा 'श्रीमद् राजचंद्र लव एंड केयर' (SRLC) के तहत चलाए जा रहे सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अदाणी फाउंडेशन जमीनी स्तर पर लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाले प्रोजेक्ट्स में मिशन के साथ मिलकर काम करने में खुशी महसूस करेगा।
गौतम अदाणी ने मिशन के स्वयंसेवकों के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिर्फ पैसे के बल पर इतने बड़े पैमाने पर प्रभाव पैदा नहीं किया जा सकता। यह स्वयंसेवकों की निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना ही है जो इतने बड़े स्तर पर समाज सेवा को संभव बनाती है।
कई दिग्गज हस्तियां कर चुकी हैं दौरा
गुजरात स्थित इस अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय में देश की कई प्रमुख हस्तियां पहले भी आ चुकी हैं। हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस केंद्र का दौरा किया था। गृह मंत्री अमित शाह ने यहां श्रीमद् राजचंद्रजी की प्रतिमा का महामस्तकाभिषेक किया था, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने महिला केंद्र का उद्घाटन किया था।
वहीं, पिछले महीने मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में गुरुदेवश्री राकेशजी के 60वें जन्मोत्सव 'अहो गुरुदेव' का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में इन्फोसिस के संस्थापक एनआर नारायण मूर्ति, टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन और हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन अशोक पी. हिंदुजा जैसी दिग्गज हस्तियां शामिल हुई थीं।