गाजियाबाद में जीटी रोड पर बनेगा 2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड और रेलवे अंडरपास, जीडीए ने इन इलाकों के लिए तैयार किया ग्रीन प्लान

गाजियाबाद में प्रदूषण और ट्रैफिक की समस्या कम करने के लिए GDA दो बड़े प्रोजेक्ट शुरू करेगा। इनमें जीटी रोड पर 2 किलोमीटर लंबी चार लेन एलिवेटेड रोड और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से ALH क्रॉसिंग के बीच रेलवे अंडरपास बनाया जाएगा

अपडेटेड Sep 28, 2026 पर 10:55 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ये फैसला UPPCB की ओर से तैयार किए गए विंटर एक्शन प्लान के तहत लिया गया है

गाजियाबाद में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) दो अहम परियोजनाएं शुरू करने की तैयारी कर रहा है। योजना के तहत जीटी रोड पर करीब 2 किलोमीटर लंबी चार लेन की एलिवेटेड रोड और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन और ALH क्रॉसिंग के बीच एक रेलवे अंडरपास तैयार किया जाएगा। इन योजनाओं के लिए शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड और केंद्र के अर्बन चैलेंज फंड से पैसा लिया जाएगा। परियोजनाओं के जरिए सड़कों की धूल और वाहनों से निकलने वाले धुएं को कम करने पर ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, शहर में ग्रीन मोबिलिटी कॉरिडोर बनाए जाएंगे, ताकि सर्दियों में प्रदूषण के स्तर को कम करने में मदद मिल सके।

इन जगहों की हुई पहचान

ये फैसला उत्तर प्रदेश प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड (UPPCB) की ओर से तैयार किए गए विंटर एक्शन प्लान के तहत लिया गया है। बोर्ड ने इस बार गाजियाबाद में प्रदूषण के नौ संवेदनशील इलाकों की पहचान की है, जबकि पिछले साल ऐसे सात इलाके थे। इनमें साहिबाबाद, राज नगर एक्सटेंशन, लोनी, भोपरा-दिल्ली बॉर्डर, सिद्धार्थ विहार-कनावनी पुश्ता रोड, विजय नगर, साउथ साइड जीटी रोड, लाल कुआं, इंदिरापुरम और वसुंधरा-वैशाली शामिल हैं। UPPCB के मुताबिक, जनवरी-अगस्त 2026 में गाजियाबाद का औसत PM10 205 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रहा, जो 2025 के 137 से ज्यादा है। इसी दौरान चार मॉनिटरिंग स्टेशनों पर औसत PM2.5 67 से बढ़कर 82 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर हो गया।


जानें पूरा प्लान

GDA के एक अधिकारी ने बताया कि, "शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 से GDA के पास 272 करोड़ रुपये की राशि है। चालू वित्त वर्ष के अंत तक इसे बढ़ाकर 322 करोड़ रुपये किए जाने की उम्मीद है। अधिकारी के मुताबिक, GT रोड एलिवेटेड रोड और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से ALH क्रॉसिंग के बीच बनने वाले रेलवे अंडरपास के लिए इसी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड का इस्तेमाल किया जाएगा। दोनों जगहों पर ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए इन प्रोजेक्ट्स को जरूरी माना जा रहा है।"

ट्रैफिक का दबाव होगा कम

घंटाघर में रामलीला मैदान से भाटिया मोड़ तक करीब 2 किलोमीटर लंबी चार लेन की एलिवेटेड रोड बनाने की योजना है। इससे भाटिया मोड़, चौधरी मोड़ और घंटाघर जैसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही, अलीगढ़ की तरफ जाने वाले जीटी रोड पर भी वाहनों की आवाजाही आसान हो सकती है। इस प्रोजेक्ट का प्लान IIT रुड़की तैयार कर रहा है।

कितना होगा खर्च

अधिकारी के मुताबिक, इस योजना पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसमें कुछ राशि अर्बन चैलेंज फंड और अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड से ली जाएगी। अर्बन चैलेंज फंड के तहत किसी प्रोजेक्ट के लिए 25 फीसदी पैसा केंद्र सरकार, 25 फीसदी राज्य सरकार या शहरी निकाय और बाकी 50 फीसदी राशि बाजार से जुटाई जाती है। अधिकारियों के मुताबिक, GDA अपने हिस्से की रकम अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड से देगा। एलिवेटेड रोड के लिए इस फंड से 50 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जबकि दूसरे प्रोजेक्ट यानी रेलवे अंडरपास के निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

बनाया जाएगा अंडरपास

अधिकारी ने बताया कि, "गाजियाबाद रेलवे स्टेशन और ALH क्रॉसिंग के बीच दिल्ली-हावड़ा रूट पर रेलवे क्रॉसिंग की वजह से अक्सर जाम लग जाता है। इस इलाके में लगातार ट्रैफिक रहने से वाहनों से होने वाला प्रदूषण भी बढ़ रहा है। एक स्टडी के अनुसार, यहां करीब 2,293 पैसेंजर कार यूनिट का ट्रैफिक रहता है। इस समस्या को कम करने के लिए GDA ने रेलवे अंडरपास बनाने का प्रस्ताव दिया था, जिसे रेलवे से मंजूरी मिल चुकी है। अब प्रोजेक्ट के आकलन के आधार पर अंडरपास के निर्माण में 12 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।"

शहर में प्रदूषण कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गाजियाबाद नगर निगम ने शुक्रवार को शहर में 25 ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू किए। इसके अलावा 20 अलग-अलग जगहों पर 100 और चार्जिंग स्टेशन लगाए जा रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।