गोवा के समुद्र तटों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। दक्षिण गोवा के पालोलेम बीच को एशिया का सर्वश्रेष्ठ समुद्र तट चुना गया है। इतना ही नहीं दुनिया के शीर्ष 25 समुद्र तटों की सूची में इसे छठा स्थान मिला है। गोवा के पर्यटन विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक यह रैंकिंग Beach.com के Global Beach Index 2026 में दी गई है। इस उपलब्धि की एक और खास बात यह है कि पालोलेम बीच इस वैश्विक सूची में जगह बनाने वाला एशिया का इकलौता समुद्र तट है। गोवा सरकार के मुताबिक यह राज्य के समुद्र तटों की अंतरराष्ट्रीय पहचान के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे दक्षिण गोवा के पर्यटन को भी वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
