दिल्ली से सटे गुरुग्राम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गुरुग्राम में एक सोसायटी के फ्लैट में बुधवार सुबह एक टेक दंपति संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। सोसायटी के फ्लैट में टेक कपल मोहम्मद असलम (30) और उनकी पत्नी फरहाना की मौत की खबर सुन हर कोई हैरान रह गया। वहीं अपनी मौत से पहले असलम ने सुबह करीब 7 बजे 'हम दुनिया छोड़ रहे हैं' का मैसेज अपने एंप्लॉयर को ईमेल भेजा था। इसमें उसने अपने माता-पिता और मकान मालिक के फोन नंबर भी शेयर किया था।
30 वर्षीय मोहम्मद असलम ने अपने ऑफिस के लोगों से इन नंबरों पर संपर्क कर परिवार को जानकारी देने के लिए कहा था। ईमेल मिलने के बाद उनके सहकर्मियों ने मकान मालिक से बात की। इसके बाद मकान मालिक गुरुग्राम के M3M मरीना परिसर के टावर 7 में स्थित दंपति के फ्लैट पर पहुंचे। मकान मालिक जब फ्लैट के अंदर पहुंचे, तो उन्होंने असलम को मृत पाया। वहीं, उनकी करीब 28 वर्षीय पत्नी फरहाना फर्श पर पड़ी थीं और उनकी गर्दन पर चोट के निशान थे। घटना की जानकारी मिलते ही मकान मालिक ने बादशाहपुर पुलिस को फोन कर इसकी सूचना दी।
पुलिस को फ्लैट के अंदर एक नोट मिला, जिस पर लिखा था, “हम यह दुनिया छोड़ रहे हैं।” फरहाना के कपड़ों पर भी “आई लव यू” लिखा हुआ था। पुलिस अब नोट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और फ्लैट से बरामद अन्य सामान की जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह और उस दिन क्या हुआ था, इसका पता लगाया जा सके। इस दिन फरहाना का जन्मदिन था।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया है। जांच अधिकारियों को आशंका है कि असलम ने आत्महत्या करने से पहले अपनी पत्नी की हत्या की होगी। वहीं, पुलिस के कहा कि घटना किस क्रम में हुई और दोनों की मौत कैसे हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेगी।
असलम और फरहाना करीब तीन महीने पहले बेंगलुरु से गुड़गांव आए थे। कोझिकोड के रहने वाले असलम ने सेक्टर 58 में ऑफिस वाली इंडोनेशिया की एक आईटी कंपनी में नौकरी शुरू की थी, जबकि मलप्पुरम की रहने वाली फरहाना बेंगलुरु की एक आईटी कंपनी के लिए घर से काम करती थीं। दोनों की शादी 2023 में हुई थी और गुड़गांव आने से पहले वे लगभग दो साल तक बेंगलुरु में रहे थे। असलम ने 2018 में NIT कालीकट से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद 2020 में उन्होंने IIM इंदौर से MBA की डिग्री हासिल की। वहीं, फरहाना ने केरल के कुट्टीपुरम स्थित MES कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से BTech किया था।
पोस्टमार्टम में होगा मौत की वजह का सुलासा
मकान मालिक की सूचना मिलने के बाद सुबह करीब 8 बजे इमरजेंसी टीम अपार्टमेंट पहुंची। इसके कुछ देर बाद पुलिस की एक बड़ी टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार, फ्लैट का दरवाजा खुला हुआ था। तलाशी के दौरान वहां से तीन लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, एक रस्सी, डायरी, कैंची, पेन ड्राइव, एक नोट और पेन बरामद किए गए। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि मामले से जुड़ी अहम जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस के मुताबिक, फ्लैट से मिले नोट में किसी भी व्यक्ति पर आरोप नहीं लगाया गया था। शुक्रवार को दोनों के शवों को मोर्चरी में रखा गया, जहां परिवार के सदस्यों ने उनकी पहचान की। फिलहाल पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। जांच अधिकारियों का कहना है कि दोनों की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
दोनों के बीच सबकुछ ठीक थी
केरल में रहने वाले दोनों परिवारों के मुताबिक, असलम और फरहाना के बीच सब कुछ ठीक था और उन्हें किसी अनबन की जानकारी नहीं थी। फरहाना के भाई फैसल ने कहा कि इस घटना से दोनों परिवार सदमे में हैं। TOI के अनुसार, "दोनों के बीच काफी गहरा रिश्ता था। वे एक-दूसरे के साथ खुश रहते थे और उनकी शादीशुदा जिंदगी में किसी तरह की परेशानी या अनबन की जानकारी नहीं थी।" फरहाना के भाई फैसल ने बताया कि रिश्तेदारों को आशंका है कि काम का दबाव इस घटना की वजह हो सकता है, लेकिन परिवार की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।