Guwahati Bengaluru IndiGo flight: गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6542 में सवार यात्रियों को लैंडिंग के दौरान असामान्य स्थिति का सामना करना पड़ा। रविवार को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान तेज हवाओं की चपेट में आ गया। इससे लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में यात्री और क्रू सदस्यों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
एयरलाइन ने बताया कि गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट दूसरे प्रयास में सुरक्षित लैंड करने में सफल रही। यह घटना रविवार को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करते समय हुई। गुवाहाटी-बेंगलुरु इंडिगो फ्लाइट को लैंडिंग के लिए पहले अप्रोच के दौरान “असामान्य रनवे कॉन्टैक्ट” का सामना करना पड़ा। एयरक्राफ्ट ने लैंड करने की दूसरी कोशिश करने से पहले अपने पहले अप्रोच के दौरान एक गो-अराउंड किया था। इसके बाद लैंडिंग के दौरान, एयरक्राफ़्ट का पिछला हिस्सा रनवे के कॉन्टैक्ट में आ गया। इंडिगो ने एक बयान में कहा, “सभी कस्टमर और क्रू सुरक्षित हैं और सुरक्षित रूप से उतर गए हैं।”
एयरलाइन ने कहा कि यह घटना तेज हवा के मौसम के दौरान हुई और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत सभी संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया था। एयरलाइन ने कहा कि एयरक्राफ्ट का अभी मेंटेनेंस चेक चल रहा है और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ऑपरेशन फिर से शुरू हो जाएगा। ऑपरेशन में रुकावट से बचने के लिए बाद की बेंगलुरु-कोयंबटूर सेवा के लिए एक दूसरे विमान का भी इंतजाम किया गया था। इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा, “हमेशा की तरह, हमारे कस्टमर और क्रू की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।”