असम के गुवाहाटी से बड़ी हैरान कर देने वाली खबर आ रही है। गुवाहाटी शहर के एक होटल में सोमवार रात करीब 9 बजे गोलीबारी की घटना हुई। इस घटना में अब तक पांच लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए। ये घटना लचित नगर इलाके में होटल बिलास इन के पास हुई। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है
गोलीबारी की इस घटना में दो महिलाओं समेत कई लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में होटल बिलास इन का एक कर्मचारी भी शामिल है, जिसे गोली लगी है। फिलहाल घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने मीडिया से बातचीत में बताया कि, गोलीबारी की घटना में मारे गए लोगों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि, पुलिस को अब तक चार शव मिले हैं और मामले की जांच जारी है। उन्होंने ये भी आशंका जताई कि घटनास्थल से और शव मिल सकते हैं। उन्होंने कहा, पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेगी। ये घटना होटल बिलास इन के पास कल्याण ज्वैलर्स के शोरूम के नजदीक एक गली में हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
पुलिस कर रही हमलावरों की तलाश
गुवाहाटी में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि इस घटना के पीछे क्या वजह थी और इसमें कौन-कौन इसमें शामिल था। पुलिस हमलावरों का पता लगाने के लिए सबूत जुटा रही है। वहीं, घायलों और मृतकों से जुड़ी पूरी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।