Video: बात करना बंद किया तो युवक ने 12वीं की छात्रा को दिनदहाड़े मारी गोली, फरीदाबाद में हुई दिल दहला देने वाली वारदात

Faridabad Firing: सीसीटीवी फुटेज साफ दिख रहा है कि लड़के ने बहुत करीब से लड़की के सिर में गोली मारने की कोशिश की थी, लेकिन वह चूक गया और लड़की बच गई। हालांकि, उसे बाएं हाथ की बांह और कंधे में गोली तथा छर्रे के घाव लगे हैं। आरोपी मौके पर अपनी देसी पिस्तौल फेंक कर मोटरसाइकिल से फरार हो गया

अपडेटेड Nov 04, 2025 पर 4:19 PM
Story continues below Advertisement
जानकारी के मुताबिक, लड़की ने 15 दिनों से लड़के से बात करना बंद कर दिया था, जिससे वह नाराज था

Faridabad: हरियाणा के फरीदाबाद में दिनदहाड़े एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक लड़के ने पीछा करने के बाद एक 12वीं कक्षा की छात्रा पर गोली चला दी। यह पूरी वारदात सोमवार शाम को उस समय हुई जब छात्रा लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी, और यह एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने बताया कि गोली लगने से घायल हुई लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है। फिलहाल आरोपी लड़का फरार है।

'लड़के से बात करना किया बंद तो पीछा कर चलाई गोली'


CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि लड़का एक मोटरसाइकिल के पास इंतजार कर रहा था, जबकि लड़की दूसरी ओर से फोन पर बात करते हुए चल रही थी। लड़का अचानक लड़की की तरफ जाता है और उस पर करीब से गोली चला देता है। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग दहशत में भागने लगते हैं। पुलिस को सोमवार शाम 5:30 बजे घटना की सूचना मिली।

थाना सिटी बल्लभगढ़ के SHO इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि घायल लड़की ने अपने बयान में कहा है कि वह उस लड़के को लगभग एक साल से जानती थी, क्योंकि वह भी लाइब्रेरी में पढ़ने आता था। हालांकि, लगभग 15 दिनों से उसने लड़के से बात करना बंद कर दिया था, जिससे वह नाराज था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब लड़की ने दोस्ती के लिए उसकी हरकतों को नजरअंदाज कर दिया, तो लड़के ने उसे जान से मारने के इरादे से गोली चला दी।

चूक गया निशाना, पिस्तौल फेंक कर हुआ फरार

SHO ने बताया कि, 'सीसीटीवी फुटेज साफ दिखाता है कि उसने बहुत करीब से उसके सिर में गोली मारने की कोशिश की थी, लेकिन वह चूक गया।' लड़की बच गई और उसे बाएं हाथ की बांह और कंधे में गोली तथा छर्रे के घाव लगे हैं। आरोपी मौके पर अपनी देसी पिस्तौल फेंक कर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। पुलिस ने पिस्तौल बरामद कर ली है और लड़की के बयान के आधार पर सिटी बल्लभगढ़ पुलिस स्टेशन में सोमवार रात हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।