Heatwave alert in Delhi: अगले सप्ताह आसमान से बरसेंगे आग के गोले! तापमान 40 के पास पहुंचने की आशंका, मई में प्रचंड गर्मी से हाल होगा बेहाल

Heatwave alert in Delhi: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अनुमान लगाया है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान बुधवार तक 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। IMD के मुताबिक, थोड़ी सी बारिश के बाद दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ रहा है। लोग अप्रैल महीने में ही प्रचंड गर्मी से परेशान हैं

अपडेटेड Apr 12, 2026 पर 2:48 PM
Story continues below Advertisement
Delhi-NCR Weather: अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है (फाइल फोटो- रॉयटर्स)

Heatwave alert in Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान में वृद्धि का सिलसिला रविवार (12 अप्रैल) को भी जारी रहा। इंडियन मेट्रोलॉजी डिपार्टमेंट यानी मौसम विभाग (IMD) ने अगले सप्ताह तापमान और बढ़ने की आशंका जताई है। सफदरजंग केंद्र पर अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। यह एक दिन पहले की तुलना में 1.9 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है। हालांकि यह एक दिन पहले की तुलना में 2.3 डिग्री अधिक रहा।

अन्य मौसम केंद्रों पर भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। पालम में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 2.6 डिग्री अधिक है। जबकि न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले से 3.9 डिग्री अधिक है। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 2.6 डिग्री अधिक है।

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार तक न्यूनतम तापमान लगभग 18-20 डिग्री सेल्सियस और मंगलवार तक 20-22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक अधिकतम तापमान रविवार तक लगभग 35-37 डिग्री सेल्सियस और अगले बुधवार तक 38-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।


मौसम विभाग ने यह भी बताया कि रविवार को 15-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। यह कुछ समय 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं। दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने दिन में तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार सुबह नौ बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 156 दर्ज किया गया जो 'मध्यम' कैटेगरी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, AQI शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर] माना जाता है।

हाल के दिनों में दिल्ली में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है। इस सप्ताह की शुरुआत में अप्रैल महीने का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले 10 सालों में सबसे कम था। उसके बाद से तापमान लगातार बढ़ रहा है, जो इस बात का संकेत है कि अब गर्मी बढ़ने वाली है।

ये भी पढ़ें- Human Trafficking: ट्रेन में मानव तस्करी का भंडाफोड़! बिहार से महाराष्ट्र जा रहे 163 नाबालिगों को बचाया गया

मौसम विभाग ने बताया कि अगले एक हफ्ते में अधिकतम तापमान में 6-7 डिग्री की बढ़ोतरी होने की आशंका है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे के स्तर से बढ़कर सामान्य से ऊपर के स्तर पर पहुंच जाएगा। न्यूनतम तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। गुरुवार तक यह 23-25 ​​डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।