Heavy Firing Erupts At LoC: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) के पास एक बार फिर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया गया है। रविवार को सेना ने बालकोट सेक्टर में कुछ संदिग्धों की हलचल देखी, जिसके बाद तुरंत फायरिंग शुरू कर दी गई। सेना और घुसपैठियों के बीच हुई इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई। घुसपैठियों के खिलाफ ऑपरेशन अभी भी जारी है।
आज सुबह करीब 05:30 बजे, व्हाइट नाइट कोर के जवानों ने बालाकोट इलाके में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास कुछ संदिग्ध हलचल देखी। तुरंत अलर्ट हुए जवानों ने गोलीबारी कर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। घुसपैठियों के भागने के बाद, सेना ने पूरे इलाके पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए अपने जवानों को फिर से तैनात किया है और इलाके की निगरानी बढ़ा दी है। सेना हाई अलर्ट पर है और इलाके में कड़ी नजर बनाए हुए है।
'मानव GPS' बागू खान को सेना ने किया था ढेर
आतंकवादी नेटवर्क को एक बड़ा झटका देते हुए, सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर में बागू खान को मार गिराया। बागू खान को 'मानव GPS' के नाम से जाना जाता था, और वह कम से कम 100 घुसपैठ की कोशिशों के लिए जिम्मेदार था, जिनमें से अधिकतर सफल रही थीं।
बागू खान, जिसे 'समंदर चाचा' भी कहते थे, 1995 से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में सक्रिय था और कश्मीर घाटी में घुसपैठ का सबसे बड़ा जरिया माना जाता था। News18 हिंदी के अनुसार, उसे गुप्त रास्तों और इलाके की कठिन भौगोलिक स्थिति की पूरी जानकारी थी, जिस वजह से वह पिछले तीन दशकों से आतंकवादियों की घुसपैठ में मदद कर रहा था। शनिवार को नौशेरा नार इलाके से घुसपैठ की कोशिश के दौरान बागू खान और उसके एक साथी आतंकवादी को मार गिराया गया।