IMD Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब तेजी से शक्तिशाली होकर एक चक्रवाती तूफान का रूप लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने इस गंभीर मौसमी प्रणाली की पुष्टि करते हुए चेतावनी जारी की है कि 26 अक्टूबर की सुबह तक यह सिस्टम चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। यह चक्रवात पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए 28 अक्टूबर की तड़के उत्तर आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा तट के करीब पहुंचेगा। इस संभावित चक्रवात को देखते हुए मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा सहित पूर्वी व मध्य भारत के 6 राज्यों के लिए मूसलाधार बारिश, आंधी और तटीय उथल-पुथल का बड़ा अलर्ट जारी किया है।
