Weather Update: देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव आने वाला है। आने वाले 2-3 दिन मौसम के लिहाज से काफी अहम रहने वाले हैं। एक तरफ दक्षिण भारत में बारिश का सिस्टम एक्टिव हो गया है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है। पहाड़ी इलाकों में भी हलचल बढ़ने वाली है, जहां एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है।
कहीं भारी बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी, तो कहीं सुबह के कोहरे और गिरते तापमान से ठंड का अहसास होगा। दिल्ली में जहां सुबह-सुबह कोहरे की चादर और प्रदूषण की दोहरी मार पड़ सकती है, वहीं तमिलनाडु और केरल में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानते हैं, मंगलवार को आपके शहर और राज्य में मौसम कैसा रहेगा और IMD ने क्या चेतावनी दी है।
तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में बारिश का जोर रहेगा। मंगलवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवा चलने का अनुमान है। वहां 14 नवंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश होगी। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। केरल और माहे में बुधवार से बिजली के साथ बारिश शुरू हो सकती है।
दिल्ली में बढ़ेगी ठंड, सुबह छाएगा कोहरा
दिल्ली में अब सर्दी धीरे-धीरे बढ़ रही है। मंगलवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। आसमान में हल्के बादल भी रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रहेगा। सुबह हल्की पूर्वी हवा चलेगी, दिन चढ़ने पर हवा धीमी पड़ जाएगी।
दिवाली के बाद दिल्ली में प्रदूषण से बुरा हाल
ठंड के साथ दिल्ली में प्रदूषण भी बढ़ गया है। दिवाली के बाद पटाखों के धुएं से हवा और खराब हो गई है। सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में AQI गंभीर यानी 'सीवियर' कैटेगरी में पहुंच गया। इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन हो सकती है।
पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी के आसार
मंगलवार रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर असर दिखाएगा। इसके कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में मंगलवार-बुधवार से बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है।
12 और 13 नवंबर को पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी और तेज हो सकती है। कश्मीर के कुछ इलाकों में भारी बारिश या बर्फबारी का भी अनुमान है। इससे पहाड़ों में ठंड और बढ़ जाएगी।