4% मंथली रिटर्न का झांसा देकर ₹670 करोड़ उड़ाया! राजमिस्त्री ने 7,400 लोगों को ऐसे लगाया चूना

Hyderabad ₹670 Crore Scam: मजदूरी और पेट्रोल पंप पर काम करने वाला 10वीं पास शख्स कैसे बना ₹670 करोड़ के पोंजी घोटाले का मास्टरमाइंड? हैदराबाद के नावत भूपाल नायक ने हर महीने 4% यानी सालाना 48% रिटर्न का झांसा देकर देश भर के 7,400 निवेशकों को चूना लगा दिया। 70 बैंक खातों में सिर्फ ₹35 लाख मिले, जबकि आरोपी के पास से कोंडापुर का आलीशान विला और 140 एकड़ जमीन जब्त की गई है। जानिए ठगी नेटवर्क का पूरा खेल

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 2:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
उसके 70 बैंक खातों में सिर्फ ₹35 लाख मिले, जबकि आरोपी के पास से कोंडापुर का आलीशान विला और 140 एकड़ जमीन जब्त की गई है

Hyderabad ₹670 Crore Investment Scam: हैदराबाद से एक ऐसी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है जिसने पूरे देश के निवेशकों को सन्न कर दिया है। कभी मजदूरी और पेट्रोल पंप पर काम करने वाला एक शख्स देखते ही देखते ₹670 करोड़ के पोंजी घोटाले का मास्टरमाइंड बन बैठा। आरोप है कि उसने हर महीने 4% के भारी-भरकम रिटर्न का लालच देकर देशभर के करीब 7,400 निवेशकों को चूना लगाया है।

साइबराबाद इकोनॉमिक ऑफेंसेस विंग आरोपी नावत भूपाल नायक और उसकी कंपनियों के खिलाफ दर्ज तीन मामलों की गहन जांच कर रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस को आरोपी की कंपनियों और उनके निदेशकों से जुड़े 70 बैंक खातों में अब तक केवल ₹35 लाख ही मिले हैं।

राजमिस्त्री ने कैसे रचा ठगी का जाल?


EOW अधिकारियों के अनुसार, तेलंगाना के विकराबाद जिले का रहने वाला भूपाल नायक 10वीं पास करने के बाद इंटरमीडिएट की परीक्षा में फेल हो गया था।किशोरावस्था में वह अपने पिता के साथ हैदराबाद आया और राजमिस्त्री के काम में हाथ बंटाया। इसके बाद उसने एक पेट्रोल पंप पर भी काम किया।

2013-14 में वह एक स्टॉक ब्रोकरेज फर्म में एजेंट के रूप में जुड़ा, जहां उसने क्लाइंट्स से मजबूत संपर्क बनाए। 2016 में उसने कुकटपल्ली में ब्रोकरेज फर्म की फ्रेंचाइजी ली और 'किसान परिवार लिमिटेड' (KPL) बनाई। इसके बाद 2020 में उसने एल्गोरिदम-बेस्ड स्टॉक ट्रेडिंग फर्म 'शेयर्स बाजार प्राइवेट लिमिटेड' (SBPL) की शुरुआत की।

नए निवेशकों के पैसे से करता था पुरानों को भुगतान

नायक ने 2022-23 के दौरान अपने पुराने क्लाइंट्स और सोशल मीडिया अभियानों के जरिए निवेशकों को लुभाना शुरू किया। उसने हर महीने लगभग 4% रिटर्न यानी सालाना करीब 48% का वादा किया जो किसी भी रेगुलेटेड इन्वेस्टमेंट मार्केट में असंभव है।

सबसे खास बात ये है कि SBPL के पास निवेशकों से पैसा जुटाने की कोई वैध अनुमति नहीं थी। EOW अधिकारियों ने बताया कि नायक नए निवेशकों से मिलने वाले पैसों से पुराने निवेशकों को रिटर्न बांटता रहा। 2025 में जब नए पैसे का प्रवाह रुका, तो यह ताश के पत्तों की तरह ढह गया।

12.5 लाख में 5 गुंटा और 24% टैक्स-फ्री रिटर्न का दिया लालच

KPL कंपनी के जरिए नायक ने जमीन की एक और आकर्षक स्कीम निकाली। निवेशकों को ₹12.5 लाख के निवेश पर 5 गुंटा जमीन देने की पेशकश की गई। इस पर 24% टैक्स-फ्री रिटर्न और 12 महीने के लॉक-इन पीरियड का वादा किया गया।

कोकापेट-कोंडापुर में विला और 140 एकड़ जमीन जब्त

साइबराबाद पुलिस को आरोपी के खिलाफ अब तक 500 से अधिक शिकायतें मिल चुकी हैं। पुलिस ने जब्ती के लिए 45 संपत्तियों की पहचान की है:

कृषि भूमि: महबूबाबाद, वानापर्थी और संगारेड्डी में खरीदी गई 140 एकड़ कृषि भूमि। इसमें से 70 एकड़ जमीन KPL निवेशकों के नाम रजिस्टर्ड पाई गई।

कमर्शियल प्रॉपर्टीज: लगभग 10,000 वर्ग फुट की दो व्यावसायिक संपत्तियां।

लक्जरी विला: हैदराबाद के पॉश इलाके कोंडापुर में एक आलीशान विला। ऑनलाइन लिस्टिंग के मुताबिक इस सोसाइटी में विला की कीमत ₹6.8 करोड़ से ₹10 करोड़ के बीच है।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी भूपाल नायक 2023 के तेलंगाना विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता था और उसने इसके लिए काफी पैसे भी पानी की तरह बहाए थे, लेकिन उसे टिकट नहीं मिल सका।

5 राज्यों में केस दर्ज, फॉरेंसिक ऑडिट जारी

साइबराबाद EOW के अलावा पंजाब, गुजरात, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में SBPL, KPL और उनके निदेशकों पर 5 केस दर्ज हैं। नायक को गुजरात और पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और वह फिलहाल जेल में बंद है। EOW ने दोनों कंपनियों के फॉरेंसिक ऑडिट के आदेश दिए हैं, जिसकी जांच रिपोर्ट जल्द सामने आएगी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।