Divya Mittal: IAS से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल की नई पारी के संकेत, 4 चर्चाओं के बीच खुद करेंगी खुलासा
IAS Divya Mittal: IAS की नौकरी छोड़ने के बाद दिव्या मित्तल के सामने आगे के करियर को लेकर कई रास्ते हैं। सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों के बीच उन्होंने खुद चार संभावनाओं का जिक्र किया है। हालांकि, इनमें से वह वास्तव में क्या करने जा रही हैं, इसका खुलासा उन्होंने अभी नहीं किया है। अब सबकी नजर 29 सितंबर की सुबह 8:30 बजे होने वाले उनके ऐलान पर है
IAS Divya Mittal: देवरिया समेत यूपी के कई जिलों में जिलाधिकारी रह चुकीं दिव्या मित्तल अब नई पारी की शुरूआत करेंगी
IAS Divya Mittal: उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी दिव्या मित्तल के अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। क्या वह राजनीति में कदम रखेंगी, विदेश जाएंगी या फिर परिवार के साथ समय बिताएंगी? इन तमाम अटकलों के बीच दिव्या मित्तल ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट कर कहा है कि वह जल्द ही अपने अगले कदम का खुलासा करेंगी। वह अपने अगले कदम की जानकारी 29 सितंबर को देंगी। दिव्या मित्तल ने X पर लिखा, "मुझे पता है कि आप आगे क्या करना चाहिए, इसे लेकर सोच रहे हैं। मैंने पढ़ लिया है। चार तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।" इसके बाद उन्होंने अपने अगले कदम को लेकर चार संभावनाएं गिनाईं।
दिव्या मित्तल के अगले कदम को लेकर 4 चर्चाएं
दिव्या मित्तल के मुताबिक, उनके बारे में ये चार तरह की बातें कही जा रही हैं:-
1. बच्चे छोटे हैं, इसलिए अब घर पर रहेंगी।
2. उन्हें अच्छा पैकेज मिलेगा और वह दोबारा विदेश चली जाएंगी।
3. IAS पर लिखी अपनी किताब के बाद कोचिंग संस्थान शुरू करेंगी।
4. उनका राजनीतिक टिकट पहले ही पक्का हो चुका है और वह राजनीति में प्रवेश करेंगी।
दिव्या मित्तल ने इन अटकलों पर अपना फैसला बताने के लिए 29 सितंबर की सुबह 8:30 बजे का समय बताया है। यानी उनके अगले कदम को लेकर तस्वीर एक दिन बाद साफ हो जाएगी।
30 अगस्त को दिया था इस्तीफा
दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त को IAS सेवा से इस्तीफा दिया था, जिसे 14 सितंबर को स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। अब उनकी नई पोस्ट ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह मिर्जापुर, संत कबीर नगर, देवरिया और बस्ती जिलों की जिलाधिकारी (DM) रहीं। इस्तीफा देने से पहले वह उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं।
लंदन की नौकरी छोड़कर सिविल सर्विस में आई थीं दिव्या
दिव्या मित्तल मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली हैं। उन्होंने IIT और IIM से पढ़ाई करने के बाद लंदन में नौकरी की थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात गगनदीप सिंह से हुई। दोनों ने प्रेम विवाह किया। शादी के कुछ साल बाद दोनों ने लंदन की अपनी नौकरियां छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया। भारत आने के बाद दिव्या मित्तल ने UPSC परीक्षा की तैयारी शुरू की।
उन्होंने बिना किसी कोचिंग के अपने पहले प्रयास में IPS परीक्षा पास की। इसके बाद उन्हें गुजरात कैडर मिला। हालांकि, IPS ट्रेनिंग के दौरान भी उन्होंने IAS परीक्षा की तैयारी जारी रखी। इसके अगले ही साल, 2013 में उन्होंने IAS परीक्षा पास कर इतिहास रच दिया।
कौन हैं दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह?
दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह पंजाब के गिद्दड़बाहा के रहने वाले हैं। उन्होंने 1998 से 2002 के बीच IIT दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में BTech किया। इसके बाद उन्होंने 2003 से 2005 के बीच IIM बेंगलुरु से मैनेजमेंट की पढ़ाई की। गगनदीप सिंह ने भी 2010 में अपने पहले प्रयास में UPSC परीक्षा पास की। उन्हें इंडियन ट्रेड सर्विस (ITS) आवंटित हुई थी। करीब चार साल पहले, 2022 में उन्होंने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में ज्वाइंट डायरेक्टर जनरल के पद से इस्तीफा दे दिया था।
अब 29 सितंबर को सामने आएगा अगला फैसला
IAS की नौकरी छोड़ने के बाद दिव्या मित्तल के सामने आगे के करियर को लेकर कई रास्ते हैं। सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों के बीच उन्होंने खुद चार संभावनाओं का जिक्र किया है। हालांकि, इनमें से वह वास्तव में क्या करने जा रही हैं, इसका खुलासा उन्होंने अभी नहीं किया है। अब सबकी नजर 29 सितंबर की सुबह 8:30 बजे होने वाले उनके ऐलान पर है।
इसी के बाद पता चलेगा कि पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल परिवार के साथ रहेंगी, विदेश जाएंगी, कोचिंग शुरू करेंगी या राजनीति में कदम रखेंगी। प्रशासनिक सेवा छोड़ने के बाद मित्तल अब अपने भविष्य के सफर को लेकर लगातार चर्चा में हैं। वह अब एक दिन बाद सोशल मीडिया के माध्यम से अपने अगले कदम की जानकारी शेयर करने वाली हैं। उनके सोशल मीडिया पोस्ट को कई लोगों ने शेयर किया है। इस मुद्दे पर कई तरह की टिपप्णियां सामने आ रही हैं।
आगे क्या करना है? मैंने पढ़ा:
"बच्चे छोटे हैं। अब घर।" "अच्छा पैकेज मिलेगा। वापस विदेश।" "IAS पर किताब लिखी है। कोचिंग।" "टिकट पक्का हो गया होगा। राजनीति।" 29 सितंबर, सुबह 8:30 बजे। बताऊँगी। — Divya Mittal (@divyamittal_IAS) September 27, 2026