IMD Heavy Rain Alert 26th May: इन 13 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट, इन जगहों पर आएगा 50-60kmph स्पीड वाला बवंडर

IMD ने बताया है कि इस समय लद्दाख और उसके आस-पास एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है। इसके साथ ही दक्षिण बिहार से लेकर झारखंड और ओडिशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ़ लाइन बनी हुई है। असम, पंजाब और बंगाल की खाड़ी के पास भी अलग-अलग साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेदर सिस्टम सक्रिय हैं

अपडेटेड May 26, 2026 पर 9:11 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Heavy Rain Alert 26th May: देश के 13 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है

IMD Heavy Rain Alert 26th May: देशभर के मौसम में इस समय बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपनी ताजा मॉर्निंग बुलेटिन में देश के 13 राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई राज्यों में तेज आंधी-तूफान और बवंडर की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज 26 मई को बिहार और झारखंड समेत कई जगहों पर 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाला बवंडर यानी अंधड़ (Thundersquall) दस्तक देगा।

दूसरी तरफ साउथवेस्ट मानसून की रफ्तार भी लगातार बढ़ रही है। मानसून की उत्तरी सीमा अपने तय रूट पर है। अगले 2 से 3 दिनों के भीतर इसके अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल बनी हुई हैं।

IMD ने बताया है कि इस समय लद्दाख और उसके आस-पास एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है। इसके साथ ही दक्षिण बिहार से लेकर झारखंड और ओडिशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ़ लाइन बनी हुई है। असम, पंजाब और बंगाल की खाड़ी के पास भी अलग-अलग साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेदर सिस्टम सक्रिय हैं। 28 मई से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इस मजबूत सिस्टम के कारण आज 26 मई को देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का हाल कुछ इस तरह रहने वाला है:-


असम और मेघालय में बहुत भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में आज मूसलाधार बारिश का सबसे बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। यहां 26 और 27 मई को आइसोलेटेड जगहों पर बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई इलाकों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इन राज्यों में भी रहेगा हैवी रेन का अलर्ट

पूर्वोत्तर के अलावा देश के कई अन्य दक्षिणी और पूर्वी राज्यों में भी आज मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान है। बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में आज भारी बारिश होगी। बिहार और सिक्किम में 26 और 27 मई को भारी बारिश का अलर्ट जारी रहेगा। दक्षिण भारत के केरल व माहे और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में आज भारी बारिश दर्ज की जाएगी। केरल में 26-27 मई और फिर 30-31 मई को भारी बारिश का स्पेशल अलर्ट है।

50-60kmph की स्पीड से टकराएगा बवंडर

मौसम विभाग के मुताबिक आज देश के तीन राज्यों में मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक रूप दिखाएगा। बिहार, झारखंड और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ आने की आशंका है।

यहां आएगी तेज आंधी

देश के कई रीजन्स में आज बिजली कड़कने के साथ-साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और हवाएं चलने का अलर्ट है। इन इलाकों में आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल औक सिक्किम शामिल हैं। इसके अलावा केरल एवं माहे, लक्षद्वीप, कोंकण एवं गोवा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी ऐसा ही प्रिडिक्शन है। आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम एवं मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम एवं त्रिपुरा में कुछ जगहों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की आंधी चल सकती है। अरुणाचल प्रदेश और कोस्टल कर्नाटक में भी बिजली कड़कने का अलर्ट है।

राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र की ओर से जारी 26 मई का देशभर का वेदर मैप यहां देखिए राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र की ओर से जारी 26 मई का देशभर का वेदर मैप यहां देखिए

दिल्ली, यूपी और पंजाब में सीवियर हीट वेव का अलर्ट

एक तरफ जहां कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट है, वहीं दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में सूरज का कड़ा सितम आज भी जारी रहेगा। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और महाराष्ट्र के विदर्भ रीजन में आज भीषण से अति भीषण लू चलने का डेंजरस अलर्ट है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में 27-28 मई तक यह स्थिति बनी रहेगी। पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, कोस्टल आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में आज तीव्र लू का प्रकोप लगातार बना रहेगा।

गंगीय पश्चिम बंगाल, कोंकण व गोवा, गुजरात के सौराष्ट्र एवं कच्छ और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल के तटीय इलाकों में अत्यधिक उमस और चिपचिपी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और विदर्भ में आज रात का तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा रहने वाला है, जिससे लोगों को Warm Night कंडीशंस का सामना करना पड़ेगा।

समुद्र में हाई स्पीड विंड: मछुआरों के लिए चेतावनी

अरब सागर: केरल कोस्ट, लक्षद्वीप, कोमोरिन और मालदीव के आस-पास आज 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जो बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

बंगाल की खाड़ी: मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका कोस्ट और दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आज 40 से 50 किमी प्रति घंटे की हाई स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है, जो बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।