IMD Rain Alert: बंगाल की खाड़ी का डिप्रेशन बना आफत! दिल्ली-NCR से यूपी-बिहार तक इन राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, 19 अगस्त तक ऐसा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 अगस्त को जारी मौसम बुलेटिन में बताया है कि यह डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में गांगेय पश्चिम बंगाल और झारखंड के ऊपर से गुजरेगा। इस शक्तिशाली मौसमी तंत्र की वजह से गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में मूसलाधार से भी तेज यानी अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है

अपडेटेड Aug 13, 2026 पर 2:34 PM
IMD Heavy Rain Alert: दिल्ली-NCR से लेकर यूपी-बिहार तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है

MD Weather Alert: तटीय पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव यानी डिप्रेशन अब देश के राज्यों के लिए बड़ी आफत बनता नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 अगस्त को जारी मौसम बुलेटिन में बताया है कि यह डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में गांगेय पश्चिम बंगाल और झारखंड के ऊपर से गुजरेगा। इस शक्तिशाली मौसमी तंत्र की वजह से गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में मूसलाधार से भी तेज यानी अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बना चक्रवातीय परिसंचरण, दक्षिण हरियाणा पर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ जैसी प्रणालियां देशभर में मानसूनी हवाओं को ताकत दे रही हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी भागों में भारी बारिश का दौर इस सप्ताह जारी रहेगा।

बीते 24 घंटों में जमकर बरसे बादल, बंगाल और ओडिशा में रिकॉर्डतोड़ बारिश


मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिकबीते 24 घंटों में गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में रिकॉर्डतोड़ अत्यधिक भारी बारिश (21 सेमी या उससे अधिक) दर्ज की गई। इसी दौरान झारखंड और पूर्वी राजस्थान में बहुत भारी बारिश (12 से 20 सेमी) दर्ज हुई। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक और मेघालय के कई हिस्सों में भारी बारिश (7 से 11 सेमी) रिकॉर्ड की गई।

दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार और पहाड़ी राज्यों के लिए IMD का पूर्वानुमान

उत्तर-पश्चिम भारत में मानसूनी गतिविधियां काफी तेज रहने वाली हैं। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और उत्तराखंड में 13 से 19 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश होगी। हिमाचल प्रदेश में 14 अगस्त और 17-18 अगस्त को और उत्तराखंड में 14 अगस्त और 16-17 अगस्त को अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 14 से 19 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 14 और 15 अगस्त को इन क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 से 18 अगस्त तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट है और 13 से 15 अगस्त के बीच गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 से 18 अगस्त के दौरान भारी बारिश होगी। राजस्थान में पूर्वी राजस्थान में 13 और 14 अगस्त को और पश्चिमी राजस्थान में 13 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है।

बिहार में 13 से 16 अगस्त तक छिटपुट बारिश के बाद 17 और 18 अगस्त को व्यापक बारिश और भारी बौछारें पड़ने का अनुमान है। बिहार में 13 से 17 अगस्त के बीच कई जगहों पर बिजली कड़कने और गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

बंगाल, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में अत्यंत भारी बारिश और तूफानी हवाएं

डिप्रेशन का सबसे भयंकर असर पूर्वी और मध्य भारत पर पड़ रहा है। 13 अगस्त को गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में अलग अलग जगहों पर अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट दिया गया है। 14 अगस्त को गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में बहुत भारी बारिश होगी। इसके साथ ही अंडमान व निकोबार द्वीप समूह और गांगेय पश्चिम बंगाल में 13 अगस्त को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी थंडरस्क्वाल हवाएं चल सकती हैं, जिनकी स्पीड 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 13 अगस्त को झारखंड और ओडिशा में गंभीर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

मध्य भारत में छत्तीसगढ़ में 13 और 14 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है, जबकि 15 अगस्त को बहुत भारी बारिश होगी। पूर्वी मध्य प्रदेश में 15 से 17 अगस्त के बीच और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 16 और 17 अगस्त को बहुत भारी बारिश का अलर्ट दिया गया है। विदर्भ क्षेत्र में 14 से 16 अगस्त तक भारी बारिश दर्ज की जाएगी।

पूर्वोत्तर, पश्चिमी और दक्षिण भारत का हाल

पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 से 19 अगस्त तक लगातार बारिश जारी रहेगी। अरुणाचल प्रदेश में 15 से 17 अगस्त के बीच बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

ये भी पढ़ें- ईरान में अब रेयर अर्थ खोजने के लिए अपने वैज्ञानिक भेज रहा चीन! जानिए दुनिया के लिए क्या हैं इसके मायने

पश्चिम भारत के कोंकण व गोवा में 13 से 19 अगस्त तक व्यापक बारिश के साथ 13 से 15 अगस्त तक भारी बारिश होगी। मध्य महाराष्ट्र में 13 से 16 अगस्त तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। दक्षिण भारत में केरल एवं माहे और तटीय कर्नाटक में 13 से 17-19 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश होगी। इसके साथ ही तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के तटीय व आंतरिक इलाकों में तेज सतही हवाएं (30 से 50 किमी प्रति घंटे) चलने और बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।