IMD Heavy Rain Alert: इन 15+ राज्यों में आईएमडी ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट! दिल्ली से UP तक आंधी-तूफान, एक जुलाई तक ऐसा रहेगा मौसम
IMD Heavy Rain Alert: मौसम विभाग के मुताबिक, देश के 15 से अधिक राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जहां एक तरफ दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक आंधी-तूफान और धूल भरी आंधी का कहर देखने को मिल रहा है। वहीं, दूसरी तरफ अगले 3-4 दिनों में मानसून कई नए राज्यों में आगे बढ़ने के लिए तैयार है
IMD Heavy Rain Alert: मौसम विभाग ने दिल्ली से लेकर यूपी और राजस्थान तक आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है
India Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के मौसम को लेकर लेटेस्ट वेदर बुलेटिन जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, देश के 15 से अधिक राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जहां एक तरफ दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक आंधी-तूफान और धूल भरी आंधी का कहर देखने को मिल रहा है। वहीं दूसरी तरफ अगले 3-4 दिनों में मानसून कई नए राज्यों में आगे बढ़ने के लिए तैयार है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी 1 जुलाई तक देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज इसी तरह उतार-चढ़ाव भरा बना रहेगा। आइए जानते हैं प्रभावित राज्यों के नाम और उनको लेकर जारी किया गया विस्तृत पूर्वानुमान:-
मानसून की ताजा स्थिति
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 25 जून तक दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मण्डला, डालटनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है। आगामी 3 से 4 दिनों के भीतर मानसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात के कुछ और हिस्सों, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के शेष भागों, झारखंड, बिहार तथा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर-पश्चिम भारत का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने दिल्ली से लेकर यूपी और राजस्थान तक आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम भारत में 28 जून तक अधिकतम तापमान में 2-3°C की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद इसमें 3-5°C की गिरावट आएगी।
दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब: इन क्षेत्रों में 25 जून से 1 जुलाई के बीच अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 25-27 जून और 29 जून से 1 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे (झोंके 60 किमी प्रति घंटे) की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25-26 जून और 29 जून से 1 जुलाई के बीच जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25-29 जून के बीच छिटपुट बारिश होगी। 30 जून और 1 जुलाई को पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक रूप से भारी बारिश का अनुमान है। 29 जून से 1 जुलाई के बीच यूपी में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
राजस्थान: पूर्वी राजस्थान में 25-26 जून को 50-60 किमी प्रति घंटे (झोंके 70 किमी प्रति घंटे) की रफ्तार से थंडरस्कॉल यानी तीव्र आंधी आने की आशंका है जबकि पश्चिमी राजस्थान में 25 जून को थंडरस्कॉल के साथ धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी है। 27 जून से 1 जुलाई के बीच दोनों हिस्सों में आंधी के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश: उत्तराखंड में 29 जून से 1 जुलाई के बीच और हिमाचल प्रदेश में 30 जून से 1 जुलाई के बीच व्यापक रूप से भारी बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मुजफ्फरराबाद में 25 जून को भारी बारिश का अलर्ट है।
मध्य और पूर्वी भारत: भारी बारिश और गरज-चमक
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़: मध्य प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी) में 25 जून को भारी बारिश और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ में 27 जून से 1 जुलाई के बीच मानसून रफ्तार पकड़ेगा और व्यापक रूप से बारिश के साथ 27-28 जून को भारी बारिश होने की संभावना है।
विदर्भ (महाराष्ट्र): विदर्भ में 25 जून को और फिर 27-28 जून को भारी बारिश होने का अनुमान है।
बिहार, झारखंड और ओडिशा: इन तीनों राज्यों में 25 से 27 जून तक छिटपुट बारिश होगी, लेकिन 28 जून से 1 जुलाई के बीच यहां मानसून बेहद सक्रिय हो जाएगा और भारी बारिश दर्ज की जाएगी। बिहार में 25-26 जून और 28 जून को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी है जबकि 26 से 30 जून के बीच भारी बारिश की संभावना है।
पश्चिम बंगाल और सिक्किम: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 25-26 जून और 30 जून को भारी से बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी) का अलर्ट है। इसके अलावा 27 से 29 जून के बीच उत्तरी हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
पूर्वोत्तर और पश्चिम भारत: बेहद भारी बारिश की चेतावनी
असम और मेघालय: इन राज्यों में 27 जून और 29 जून से 1 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होगी। विशेष रूप से 28 जून 2026 को असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा: इन सभी राज्यों में 25 जून से 1 जुलाई के बीच व्यापक रूप से वर्षा होगी। अरुणाचल प्रदेश में 27 से 29 जून के बीच बहुत भारी बारिश की संभावना है।
कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र: कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 25 जून को भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके बाद कोंकण और गोवा में 26 जून से 1 जुलाई तक तथा मध्य महाराष्ट्र में 26 से 29 जून तक लगातार भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है। मराठवाड़ा में 25 जून को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट है।
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत का हाल
कर्नाटक: तटीय कर्नाटक में 25 से 28 जून के बीच भारी बारिश होगी जबकि 29 जून से 1 जुलाई के बीच बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 29-30 जून को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
केरल, माहे और लक्षद्वीप: केरल और माहे में 27-28 जून और 30 जून से 1 जुलाई के बीच भारी बारिश होगी, जबकि 29 जून को अलग-अलग हिस्सों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश: तेलंगाना में 25 जून से 1 जुलाई के बीच और तटीय आंध्र प्रदेश (यानम) में 26 से 30 जून के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 27 से 30 जून के बीच भारी बारिश का अनुमान है।
भीषण लू और मछुआरों के लिए चेतावनी
इन इलाकों में चलेगी लू: जहां देश का बड़ा हिस्सा बारिश से भीगेगा, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 से 28 जून के बीच भीषण लू चलने की आशंका है। इसके अलावा बिहार में 25 जून को और झारखंड में 25-26 जून को लू का प्रकोप जारी रहेगा। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी।