IMD Heavy Rain Alert: दक्षिण और पूर्वोत्तर के इन राज्यों में 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम पर आया ये अपडेट
IMD Heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 सितंबर की दोपहर नया वेदर बुलेटिन जारी किया है। IMD के मुताबिक जहां एक तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला थमने वाला है और मौसम शुष्क होने की ओर बढ़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा
IMD Heavy Rain Alert: मौसम विभाग के मुताबिक, देश के कई राज्यों में अगले 5 दिनों पर भारी बारिश होगी
Weather Update: देश में मौसमी गतिविधियों में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 सितंबर की दोपहर नया वेदर बुलेटिन जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक जहां एक तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला थमने वाला है और मौसम शुष्क होने की ओर बढ़ रहा है। वहीं, दूसरी तरफ दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
तटीय म्यांमार और उससे सटे बंगाल की खाड़ी पर बना डिप्रेशन 32 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। 29 सितंबर को यह म्यांमार के मिनबू से 90 किमी दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 29 सितंबर की शाम तक यह कमजोर होकर सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र में बदलेगा और अगले 24 घंटों में बांग्लादेश, म्यांमार, मिजोरम एवं त्रिपुरा के नजदीकी इलाकों की ओर बढ़ते हुए धीरे-धीरे और निष्प्रभावी हो जाएगा। इसके अलावा उत्तर तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर असम के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। साथ ही दक्षिण तेलंगाना से मन्नार की खाड़ी तक एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ रेखा फैली हुई है।
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में शुष्क मौसम का अपडेट
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के लोगों के लिए मौसम साफ होने का बड़ा अपडेट जारी किया है। बुलेटिन के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क हो जाएगा। इसी तरह मध्य भारत के कई हिस्सों में 2 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां थम जाएंगी और मौसम साफ रहने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में अगले 5 दिनों तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी
दक्षिण भारत के राज्यों में मौसमी प्रणालियों के असर से अगले 4 से 5 दिनों तक रुक-रुक कर भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे (झोंके 60 किमी/घंटे) की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने और बिजली कड़कने का अलर्ट है। केरल में 30 सितंबर से 3 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। 1 से 5 अक्टूबर के बीच राज्य में काफी बारिश होगी।
दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 29 व 30 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 3 अक्टूबर तक तेज सतही हवाएं चलने और 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
पूर्वोत्तर भारत में 2 दिनों तक भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
पूर्वोत्तर के राज्यों में डिप्रेशन के असर की वजह से बारिश और आंधी-तूफान का असर बना रहेगा। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में अगले 2 दिनों (29 और 30 सितंबर) के दौरान अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
29 सितंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी और आकाशीय बिजली चमकेगी। अरुणाचल प्रदेश में 2 से 4 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उत्तर-पश्चिम, पूर्व और पश्चिम भारत के बाकी हिस्सों का हाल
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी और पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 29 और 30 सितंबर के दौरान सिर्फ कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है, जिसके बाद मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा।
पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में 5 अक्टूबर तक सिर्फ हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश और बिजली कड़कने की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। 3 से 5 अक्टूबर के दौरान बिहार में 30 से 40 किमी/घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिम भारत में कोंकण व गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात क्षेत्र में 1 अक्टूबर तक हल्की बारिश होने का अनुमान है, जबकि 29 सितंबर को मराठवाड़ा में 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी आ सकती है।