Get App

IMD Rain Alert: इन राज्यों में 8 से 14 नवंबर के बीच होगी भारी बारिश, 12 से बर्फबारी भी शुरू! IMD ने तमिलनाडु से कश्मीर तक दिया ये पूर्वानुमान

IMD Rain Alert: मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 से 14 नवंबर के बीच देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत दक्षिण भारत के कई इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 12 नवंबर से जम्मू-कश्मीर की घाटी में बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है

MoneyControl Newsअपडेटेड Nov 08, 2026 पर 2:20 PM
IMD Rain Alert: इन राज्यों में 8 से 14 नवंबर के बीच होगी भारी बारिश, 12 से बर्फबारी भी शुरू! IMD ने तमिलनाडु से कश्मीर तक दिया ये पूर्वानुमान
IMD Rain Alert: पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है

IMD Rain Alert: देश के अलग-अलग हिस्सों में अगले सात दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 से 14 नवंबर के बीच दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 से 10 नवंबर तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 8 नवंबर को केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों की बात करें तो 12 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। IMD ने 12 नवंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट भी दिया है। इसके अलावा 10 से 14 नवंबर के बीच इन क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी अलग-अलग तारीखों पर बारिश का अनुमान है। वहीं पश्चिम और मध्य भारत में इस सप्ताह किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

तमिलनाडु से केरल तक भारी बारिश का अलर्ट, 8 से 10 नवंबर तक बरसेंगे बादल

दक्षिण भारत के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। IMD के मुताबिक 8 नवंबर को केरल और माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में काफी व्यापक से व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है। इसके बाद 9 से 14 नवंबर के बीच इन क्षेत्रों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 से 10 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं केरल और माहे, लक्षद्वीप में 8 नवंबर को भारी बारिश की संभावना है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें