
IMD Weather Update: उत्तर भारत में आने वाले दिनों में ठंड का असर तेजी से बढ़ सकता है। पिछले कुछ दिनों में देश भर के कई राज्यों में एक बार फिर से मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 10 नवंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, 12 से 15 नवंबर के बीच पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में बारिश और घना कोहरा छा सकता है।
इसके अलावा कुछ राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। वहीं इस दौरान कई राज्यों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। बारिश और तेज हवा की वजह से तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ सकती है।
पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, 12 नवंबर से बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होने के बाद उत्तर भारत के तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। इससे मैदानी इलाकों में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, नए पश्चिमी विक्षोभ का असर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में देखने को मिल सकता है। पंजाब में 12 से 15 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय घना कोहरा और धुंध छाई रह सकती है। हरियाणा और राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में बदलाव और तेज हो सकता है।
पहाड़ी इलाकों में हो सकती है बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम बदलने वाला है। जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में 10-11 नवंबर और फिर 14-15 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 10 से 15 नवंबर तक, जबकि उत्तराखंड में 9, 12 और 13 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में 12 और 13 नवंबर को कई इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज बारिश या भारी बर्फबारी होने का भी अनुमान है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।