7 दिन का मौसम: मेघालय में रेड कलर वॉर्निंग, यूपी-उत्तराखंड समेत इन राज्यों में IMD ने दिया भारी बारिश का अलर्ट

IMD Weekly Weather Update: मौसम विभाग ने मेघालय के लिए रेड कलर वॉर्निंग जारी की है, जहां मुसलाधार बारिश जनजीवन को प्रभावित कर सकती है। इसके साथ ही उत्तर भारत के राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर से लेकर दक्षिण भारत के केरल और कर्नाटक तक व्यापक बारिश की आशंका जताई गई है।

अपडेटेड Aug 05, 2026 पर 2:36 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Weekly Weather Update: यूपी-उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों में IMD ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है

India Weather Weekly Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देशभर के लिए अगले 7 दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने मेघालय के लिए रेड कलर वॉर्निंग जारी की है, जहां मुसलाधार बारिश जनजीवन को प्रभावित कर सकती है। इसके साथ ही उत्तर भारत के राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर से लेकर दक्षिण भारत के केरल और कर्नाटक तक व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है।

क्यों बन रहे हैं बारिश के ऐसे हालात?

मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में मॉनसून ट्रफ रेखा अपने सामान्य स्थान से उत्तर की ओर खिसकी हुई है। इसके साथ ही कई प्रमुख साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हैं। उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर निचले और ऊपरी वायुमंडल में चक्रवातीय परिसंचरण बने हुए हैं। उत्तर-पूर्वी बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य असम और उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर विभिन्न वायुमंडलीय स्तरों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं। दक्षिण तमिलनाडु-पुडुचेरी और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक पर भी चक्रवातीय परिसंचरण का प्रभाव देखा जा रहा है।


पिछले 24 घंटों में कहां कैसा रहा मौसम?

बीते 24 घंटों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश (21 सेमी से अधिक) दर्ज की गई। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और मेघालय में बहुत भारी बारिश (12 से 20 सेमी) देखने को मिली। वहीं ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, केरल और तटीय आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश (7 से 11 सेमी) दर्ज की गई।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत: मेघालय में रेड अलर्ट

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में अगले 5-6 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की गतिविधि जारी रहेगी। मेघालय में मौसम विभाग ने अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। असम और मेघालय में 5 से 8 अगस्त और 11 अगस्त को व्यापक बारिश होगी। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 से 11 अगस्त के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है।

बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में बहुत भारी बारिश की संभावना है। गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी 5 से 9 अगस्त के बीच बहुत भारी बारिश के आसार हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 5 से 10 अगस्त के दौरान 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर-पश्चिम भारत: यूपी, उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर का हाल

उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में 11 अगस्त तक मॉनसून की गतिविधियां तेज रहेंगी। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। 6 और 7 अगस्त को पश्चिमी यूपी में जबकि 6 अगस्त को पूर्वी यूपी में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश के साथ बिजली कड़कने और भूस्खलन का खतरा बना रहेगा।

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में भी 5 से 11 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में 5 और 6 अगस्त को मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। पूर्वी राजस्थान में 7 और 8 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 7 से 9 अगस्त तक बारिश की संभावना है।

मध्य एवं पश्चिम भारत: मप्र और महाराष्ट्र में भारी बारिश का अनुमान

पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 अगस्त को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 5 से 8 अगस्त तक हल्की से मध्यम व्यापक बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट है। विदर्भ में भी 6 से 11 अगस्त के बीच बारिश दर्ज की जाएगी। कोंकण और गोवा में 6 अगस्त को जबकि मध्य महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। गुजरात क्षेत्र में 8 से 10 अगस्त के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत: केरल और कर्नाटक में अलर्ट

दक्षिण भारत के समुद्री तटीय इलाकों में अगले 4 दिनों तक तेज सतह हवाएं और मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान है। केरल में 6 और 7 अगस्त को बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तटीय इलाकों में तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) चलने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में 1 साल के कोर्स पर होम्योपैथी डॉक्टर लिख सकेंगे एलोपैथिक दवाएं, डॉक्टरों ने दी हड़ताल की चेतावनी

तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 5 से 8 अगस्त के दौरान भारी बारिश होगी। तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना: इन राज्यों में 5 से 9 अगस्त के दौरान तेज हवाओं के साथ गरज और चमक की गतिविधियां बनी रहेंगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।