India-West Indies T20: रांची में इंडिया-वेस्ट इंडीज के बीच टी20 मैच 9 अक्टूबर को है। लेकिन, माहौल अभी से बनने लगा है। रांची सिटी और आसपास के इलाकों में इस मैच को लेकर लोगों में गजब का उत्साह है। रांची में इंडिया और वेस्ट इंडीज का दूसरा T20 मुकाबला होना है। शहर के छोटे-बड़े होटल में रूम की काफी बुकिंग हो चुकी है।
टिकट का शुरुआती प्राइस 1600 रुपये
इस मैच के टिकट का शुरुआती प्राइस ₹1600 है। विंग ए, बी, डी इन दोनों के लोअर टियर में बैठने के लिए ₹3000 तक खर्च करने होंगे। अपर टियर के टिकट का दाम ₹2500 है। एमएस धोनी पवेलियन की हॉस्पिटैलिटी 10,000 रुपये, कॉरपोरेट लॉन्ज हॉस्पिटैलिटी 15,000 रुपये, प्रेसिडेंट एंक्लोजरस हॉस्पिटैलिटी 18,000 रुपये और हॉस्पिटैलिटी बॉक्स की सुविधा 9000 रुपये में उपलब्ध है।
टिकट की ऑफलाइन बिक्री 6 अक्टूबर से
टिकट की ऑफलाइन बिक्री 6 अक्तूबर से शुरू हो जाने की उम्मीद है। टिकट काउंटर स्टेडियम में ही बनाए जा रहे हैं। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऑनलाइन टिकट खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। ऑफलाइन टिकट खरीदने के लिए आधार कार्ड या दूसरा पहचान पत्र जरूरी है। लोगों में मैच को लेकर जिस तरह का उत्साह दिख रहा है, उससे लगता है कि टिकट की डिमांड काफी ज्यादा हो सकती है।
रांची के बाहर से काफी फैंस के आने की उम्मीद
मैच के आयोजन से जुड़े सूत्रों ने बताया कि मैच देखने के लिए रांची के बाहर से भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है। इसके मद्देनजर शहर के होटलों ने भी तैयार शुरू कर दी है। होटल अपनी क्षमता बढ़ा रहे हैं। शहर के रेस्टॉरेंट्स की नजरें भी इस मौके पर हैं। दूसरे राज्यों से आने वाले फैंस को ध्यान में रख रेस्टॉरेंट्स अपना मेून बढ़ा रहे हैं। वे इसे कारोबार के बड़े मौके के रूप में देख रहे हैं।
बाहर से आने वाले लोग ये चीजें एक्सप्लोर कर सकते हैं
बाहर से आने वाले लोगों के लिए रांची में कई जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। धुर्वा स्टेडियम के आसपास भी विजिट करने के लिए कई जगहें हैं। स्टेडियम के ठीक सामने प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर है। स्टेडियम से महज 500 मीटर की दूरी पर धुर्वा डैम स्थित है। यहां लॉन्ग ड्राइव का लुत्फ भी उठाया जा सकता है।
(रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट)