'भारत अब चुप नहीं बैठेगा': शशि थरूर ने की आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई की अपील

Shashi Tharoor News: सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि हमें अपने देश के लिए, अपनी प्रतिक्रिया के लिए स्पष्टता एवं दृढ़ विश्वास के साथ बोलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दुनिया को यह संदेश देने की जरूरत है कि हम आतंकवाद के सामने चुप नहीं रहेंगे। हम यह भी नहीं चाहते कि दुनिया इससे नजरें फेरे

अपडेटेड May 25, 2025 पर 8:06 AM
Story continues below Advertisement
Shashi Tharoor News: शशि थरूर ने सभी देशों से आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई की अपील की है

Shashi Tharoor News: दुनिया के पांच देशों की यात्रा पर गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा है कि इस मिशन का उद्देश्य दुनिया को यह संदेश देना है कि हम आतंकवाद के सामने चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि हम यह भी नहीं चाहते कि दुनिया इससे नजरें फेरे। थरूर ने यह टिप्पणी शुक्रवार देर रात उनके प्रतिनिधिमंडल के गुयाना, पनामा, कोलंबिया, ब्राजील और अमेरिका की यात्रा पर रवाना होने से पहले की। शशि थरूर ने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई की अपील की है।

थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किए गए एक वीडियो संदेश में कहा, "मेरे नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पांच देशों--गुयाना, पनामा, कोलंबिया, ब्राजील और अमेरिका की यात्रा पर जा रहा है। हम वहां इसलिए जा रहे हैं ताकि हम देश के लिए बोल सकें, इस भयावह संकट पर बात कर सकें जो हमारे देश पर आतंकवादियों के सबसे क्रूरतम हमले के कारण हमें झेलना पड़ा।"

केरल के तिरुवनंतपुरम से सांसद ने कहा कि यह प्रतिनिधिमंडल शांति एवं उम्मीद का मिशन है। उन्होंने कहा कि यह एक दिन दुनिया को याद दिलाएगा कि भारत उन सभी मूल्यों के लिए खड़ा है जिन्हें हमें आज दुनिया में बनाए रखने की जरूरत है।


पीटीआई के मुताबिक उन्होंने कहा, "हमें अपने देश के लिए, अपनी प्रतिक्रिया के लिए स्पष्टता एवं दृढ़ विश्वास के साथ बोलने की जरूरत है और दुनिया को यह संदेश देने की जरूरत है कि हम आतंकवाद के सामने चुप नहीं रहेंगे और हम यह भी नहीं चाहते कि दुनिया इससे नजरें फेरे।"

कांग्रेस सांसद ने अपने वीडियो संदेश में कहा, "यह शांति का मिशन है। यह उम्मीद का मिशन है। यह एक ऐसा मिशन है जो दुनिया को एक दिन याद दिलाएगा कि भारत उन सभी मूल्यों के लिए खड़ा है जिन्हें हमें आज दुनिया में संरक्षित करने की आवश्यकता है - शांति, लोकतंत्र, स्वतंत्रता, न कि घृणा, हत्या एवं आतंकवाद। जय हिंद।"

थरूर ने विमान में सवार होने से पहले एयरपोर्ट पर मौजूद प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की तस्वीरें भी शेयर कीं। थरूर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में लोक जनशक्ति पार्टी(रामविलास) की सांसद शांभवी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के सरफराज अहमद, तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के जी एम हरीश बालयोगी, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शशांक मणि त्रिपाठी, भुवनेश्वर कलिता एवं तेजस्वी सूर्या, शिवसेना के मिलिंद देवरा और पूर्व राजनयिक तरनजीत संधू शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल गुयाना, पनामा, कोलंबिया, ब्राजील और अमेरिका की यात्रा करेगा।

भारत के रुख से अवगत कराने के लिए विभिन्न देशों की यात्रा पर जाने वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल अमेरिका में 9/11 हमले सहित आतंकवाद के साथ पाकिस्तान के संबंधों को रेखांकित करेंगे। साथ ही इस बात पर जोर देंगे कि (भारत और पाकिस्तान के बीच) हालिया सैन्य संघर्ष पहलगाम आतंकवादी हमले के कारण शुरू हुआ था, न कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के कारण, जैसा कि इस्लामाबाद ने आरोप लगाया है।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने शुक्रवार को सात संसदीय प्रतिनिधिमंडलों में से चार को भारत के संदेश की जानकारी दी। इससे पहले, उन्होंने मंगलवार को तीन प्रतिनिधिमंडलों को जानकारी दी थी तथा वे पहले से ही अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो चुके हैं।

ये भी पढ़ें- Vimal Negi Death Case: हिमाचल में पुलिस vs पुलिस! तकरार के बाद शिमला SP ने DGP, उनके कर्मचारी पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में अमेरिका का दौरा करने वाले प्रतिनिधिमंडल द्वारा अलकायदा के साथ पाकिस्तान के संबंधों को रेखांकित किए जाने की संभावना है। अलकायदा अमेरिका में 9/11 के हमले सहित दुनिया भर में कई आतंकवादी हमलों में संलिप्त था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।