भारतीय नौसेना ने समुद्री लुटेरों से छुड़ाया ईरानी जहाज, 48 घंटे के ऑपरेशन में 20 क्रू मेंबर्स को बचाया

इस पूरे बचाव अभियान की कमान भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS कोलकाता ने संभाली। इस मिशन में नौसेना के एक लंबी दूरी तक निगरानी करने वाले विमान ने भी मदद की। 20 क्रू मेंबर्स को छूड़ाने का ये मिशन करीब 48 घंटे तक चला

अपडेटेड Nov 03, 2026 पर 9:12 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
रक्षा मंत्री ने भारतीय नौसेना की तैयारियों की तारीफ करते हुए कहा कि नौसेना ने तेजी से जहाज का पता लगाया और उसे रोक लिया

भारतीय नौसेना ने अरब सागर में बड़ा एक्शन लिया है। भारतीय नौसेना ने अरब सागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमाली समुद्री लुटेरों के कब्जे से एक ईरानी मछली पकड़ने वाले जहाज को छुड़ा लिया है। वहीं नौसेना ने जहाज के सभी 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया है। 20 क्रू मेंबर्स को छूड़ाने का ये मिशन करीब 48 घंटे तक चला। अधिकारियों के मुताबिक, 'अजिनी' नाम के इस जहाज को समुद्री लुटेरों ने 29 अक्टूबर को सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट पर बंदर बेला और हफुन शहरों के बीच अगवा कर लिया था। भारतीय नौसेना ने 2 नवंबर को अपना बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया और सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया।

ये ऑपरेशन मुंबई से 3,000 किलोमीटर से ज्यादा दूर समुद्र में चलाया गया। वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफल बचाव अभियान के लिए भारतीय नौसेना की तारीफ करते हुए उसे बधाई दी।

48 घंटे तक चला मिशन


इस पूरे बचाव अभियान की कमान भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS कोलकाता ने संभाली। इस मिशन में नौसेना के एक लंबी दूरी तक निगरानी करने वाले विमान ने भी मदद की। खास बात यह है कि INS कोलकाता इसी साल सितंबर में भी चर्चा में आया था, जब एक पाकिस्तानी जहाज उससे टकरा गया था। सूत्रों के अनुसार, भारतीय नौसेना ने इस पूरे अभियान के दौरान 48 घंटे तक लगातार निगरानी रखी और समुद्री लुटेरों पर दबाव बनाए रखा। इस मिशन में INS कोलकाता के साथ P-8I समुद्री निगरानी विमान और MQ-9 जैसे आधुनिक ड्रोन की मदद ली गई। इसके अलावा, भारतीय वायुसेना के C-17 विमान के जरिए मरीन कमांडो को भी विशेष तरीके से मौके पर पहुंचाया गया, ताकि बचाव अभियान को सफल बनाया जा सके।

रक्षा मंत्री ने दी बधाई

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफल बचाव अभियान के लिए भारतीय नौसेना की तारीफ करते हुए उसे बधाई दी। उन्होंने इस मिशन को बेहद सावधानी और बेहतर तालमेल के साथ पूरा किया गया ऑपरेशन बताया। साथ ही, उन्होंने पूरे अभियान के दौरान भारतीय वायुसेना की ओर से मिले सहयोग की भी सराहना की। सिंह ने X पर एक पोस्ट में कहा, "2 नवंबर 2026 को अरब सागर में मुंबई से 3,000 किलोमीटर से ज्यादा दूर समुद्री लुटेरों के कब्जे से मछली पकड़ने वाले जहाज 'अजिनी' के सभी 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचाने के लिए 48 घंटे तक चले बेहद सावधानीपूर्वक और बेहतर तालमेल वाले ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा करने पर मैं भारतीय नौसेना को बधाई देता हूं।"

समुद्री खतरों से निपटने की पूरी क्षमता

रक्षा मंत्री ने भारतीय नौसेना की तैयारियों की तारीफ करते हुए कहा कि नौसेना ने तेजी से जहाज का पता लगाया और उसे रोक लिया। सिंह ने कहा, "भारतीय वायुसेना से समय पर मिली मदद के साथ नौसेना ने तेजी से जहाज का पता लगाया और उसे रोककर भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों के कब्जे से क्रू मेंबर्स और जहाज को सुरक्षित छुड़ा लिया। यह भारतीय नौसेना की मजबूत तैयारियों और पूरे क्षेत्र में समुद्री खतरों से निपटने की उसकी क्षमता को दर्शाता है।"

सिंह ने कहा, "हमारे बहादुर जवानों ने एक बार फिर दिखाया है कि भारत लोगों की जान बचाने, समुद्र की सुरक्षा बनाए रखने और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह सक्षम और प्रतिबद्ध है।" उन्होंने आगे कहा कि भारत सुरक्षित समुद्र और एक स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित हिंद महासागर क्षेत्र को बनाए रखने के लिए हमेशा मजबूती से खड़ा रहेगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।