भारत ने बांग्लादेश के लिए बनाई खास ट्रेन, 19 LHB कोच की पहली खेप होगी रवाना, जानिए इसमें क्या है स्पेशल

India-Bangladesh Relations: भारतीय रेलवे की कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री (RCF) एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रही है। RCF 12 अगस्त 2026 को बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार की गई 19 LHB ब्रॉड गेज यात्री कोचों की पहली रेक को रोल आउट करेगी। यह खास ट्रेन बांग्लादेश के लिए बनाई गई है

अपडेटेड Aug 12, 2026 पर 12:03 PM
India-Bangladesh Relations: भारत और बांग्लादेश के बीच रेलवे क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है

India-Bangladesh Relations: तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने बाद बांग्लादेश और भारत के बीच संबंधों में आई तल्खी को दूर करने के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। भारतीय रेलवे की कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री (RCF) एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रही है। RCF 12 अगस्त 2026 को बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार की गई 19 LHB ब्रॉड गेज यात्री कोचों की पहली रेक को रोल आउट करेगी। यह खास ट्रेन बांग्लादेश के लिए बनाई गई है।

इन कोचों को बांग्लादेश रेलवे की जरूरतों और वहां की परिचालन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से डिजाइन और तैयार किया गया है। यह भारत और बांग्लादेश के बीच रेलवे क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पहली रेक में 19 कोच, अलग-अलग कैटेगरी की सुविधाएं


बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार पहली रेक में कुल 19 LHB ब्रॉड गेज यात्री कोच शामिल हैं। इनमें:-

3 AC स्लीपर कोच

3 AC चेयर कार

11 नॉन-AC चेयर कार

2 पावर कार शामिल हैं।

इन कोचों में कई ऐसे डिजाइन फीचर और तकनीकी बदलाव किए गए हैं, जिन्हें LHB प्रकार के कोचों में पहली बार शामिल किया गया है। इनका उद्देश्य यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षा और परिचालन क्षमता में सुधार करना है।

यात्रियों की सुविधा का रखा गया खास ध्यान

बांग्लादेश रेलवे की जरूरतों के मुताबिक कोचों में सीटिंग व्यवस्था को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इनमें रिक्लाइनिंग चेयर लगाई गई हैं, जिनमें स्टेनलेस स्टील के आर्मरेस्ट और फुटरेस्ट दिए गए हैं। इन सीटों में यात्रियों को आराम के लिए कई अलग-अलग रिक्लाइनिंग पोजीशन मिलेंगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा के दौरान यात्रियों को बेहतर आराम मिलने की उम्मीद है। AC कोचों में यात्रियों की सुविधा के लिए पंखे भी लगाए गए हैं।

CCTV और पैसेंजर अलार्म सिस्टम जैसी सुविधाएं

इन नए कोचों में कई आधुनिक यात्री-केंद्रित सुविधाएं शामिल की गई हैं। इनमें इंटीग्रेटेड CCTV सर्विलांस सिस्टम भी है, जिससे कोच के अंदर सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा यात्रियों की सुरक्षा के लिए पैसेंजर अलार्म सिस्टम भी लगाया गया है। कोचों में आंशिक रूप से खुलने वाली खिड़कियां भी दी गई हैं। खास जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इनमें बेबी केयर रूम और प्रेयर रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

छत को किया गया मजबूत

बांग्लादेश में परिचालन की विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इन कोचों की रूफ स्ट्रक्चर को मजबूत किया गया है। दरअसल, व्यस्त समय में यात्रियों के कोच की छत पर यात्रा करने जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए छत पर पड़ने वाले अतिरिक्त भार को सहन करने के लिए इसे विशेष रूप से मजबूत बनाया गया है। यह बदलाव बांग्लादेश रेलवे की स्थानीय परिचालन परिस्थितियों के अनुरूप कोच डिजाइन करने का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।

टक्कर की स्थिति में सुरक्षा बढ़ाने के लिए खास डिजाइन

इन कोचों की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकी विशेषताओं में से एक इनका क्रैशवर्दी डिजाइन है। इन्हें यूरोपीय मानक EN 15227 के अनुरूप टक्कर की स्थिति में बेहतर सुरक्षा प्रदान करने के प्रावधानों के साथ तैयार किया गया है। इसके लिए कोच के कार बॉडी शेल को बड़े स्तर पर दोबारा डिजाइन करना पड़ा, ताकि दुर्घटना या टक्कर की स्थिति में कोच की संरचना बेहतर तरीके से प्रभाव झेल सके और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाई जा सके। इस तरह के डिजाइन का उद्देश्य टक्कर के दौरान कोच की संरचनात्मक मजबूती और यात्रियों की सुरक्षा को बेहतर करना है।

भारतीय कोचों से अलग होगा इलेक्ट्रिकल सिस्टम

इन कोचों में एक और महत्वपूर्ण बदलाव इनके इलेक्ट्रिकल सिस्टम से जुड़ा है। भारतीय रेलवे के पारंपरिक कोचों में आमतौर पर 750 वोल्ट सिस्टम का इस्तेमाल होता है। लेकिन बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार किए गए इन कोचों का इलेक्ट्रिकल सिस्टम 415 वोल्ट ऑपरेशन के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इससे स्पष्ट है कि RCF ने बांग्लादेश रेलवे की मौजूदा परिचालन और तकनीकी जरूरतों के मुताबिक कोचों में आवश्यक बदलाव किए हैं।

2015-16 में शुरू हुई थी RCF और बांग्लादेश रेलवे की साझेदारी

कपूरथला रेल कोच फैक्ट्री और बांग्लादेश रेलवे के बीच सहयोग नया नहीं है। दोनों के बीच साझेदारी की शुरुआत 2015-16 में हुई थी। उस दौरान RCF ने बांग्लादेश रेलवे को 120 LHB ब्रॉड गेज यात्री कोच सफलतापूर्वक सप्लाई किए थे। इस सफल सहयोग के बाद बांग्लादेश रेलवे ने एक बार फिर RCF पर भरोसा जताया।

2024 में मिला 200 कोचों का बड़ा ऑर्डर

इस साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए 2024 में बांग्लादेश रेलवे ने RITES के माध्यम से RCF को 200 ब्रॉड गेज यात्री कोचों के निर्माण और आपूर्ति का प्रतिष्ठित ऑर्डर दिया। इन 200 कोचों को सात अलग-अलग वेरिएंट में तैयार किया जाना है। अब इसी ऑर्डर के तहत पहली 19 कोचों की रेक 12 अगस्त 2026 को रोल आउट की जा रही है।

ये भी पढ़ें- PM Awas Yojana 2026: लखनऊ में 2640 सस्ते फ्लैट का रास्ता साफ, दो बड़ी आवासीय योजनाओं में जल्द शुरू होगी लैंड पूलिंग

बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार किए जा रहे ये कोच भारतीय रेल कोच निर्माण की तकनीकी क्षमता और दूसरे देशों की जरूरतों के मुताबिक डिजाइन में बदलाव करने की क्षमता को भी दर्शाते हैं। 12 अगस्त को पहली रेक के रोल आउट के साथ भारत और बांग्लादेश के बीच रेलवे सहयोग को एक और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।