भारतीय रेलवे देशभर के करीब 1300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कर रहा है। इन स्टेशनों को सिर्फ मौजूदा यात्रियों की जरूरतों के हिसाब से नहीं बल्कि अगले 50 वर्षों की संभावित यात्री संख्या और सुविधाओं की मांग को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। रेलवे की योजना में स्टेशन की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और स्थानीय वास्तुकला को भी महत्व दिया जा रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को जयपुर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देशभर में 1300 स्टेशनों पर पुनर्विकास का काम किया जा रहा है। इनमें से करीब 400 स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है। इस पूरी प्रक्रिया की खास बात यह है कि रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संचालन बंद किए बिना ही पुनर्विकास का काम किया जा रहा है।
