Jaipur Master Plan: जेडीए का बड़ा मास्टर प्लान! ₹600 करोड़ से चमकेगी जयपुर की VIP सड़क, 45 मिनट का सफर सिर्फ 15 मिनट में
Jaipur JLN Marg Master Plan: जयपुर की सबसे सुंदर और वीआईपी सड़क जेएलएन मार्ग को पूरी तरह सिग्नल-फ्री बनाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने मास्टर प्लान तैयार किया है। जवाहर सर्किल से अल्बर्ट हॉल तक 7.5 किमी लंबे इस रूट पर एलिवेटेड रोड, अंडरपास, क्लोवर लीफ और यू-टर्न का नया ढांचा तैयार होगा। इससे पीक आवर्स में 30-45 मिनट का सफर घटकर महज 12 से 15 मिनट रह जाएगा
जयपुर में बढ़ती ट्रैफिक की समस्या अब वर्षों पुरानी वास्तुकला पर भारी पड़ रही है
Jaipur JLN Marg Master Plan: जयपुर की गुलाबी बसावट और वर्षों पुरानी वास्तुकला से बनी सड़कें ही जयपुर शहर की खास पहचान हैं, जो पूरे शहर को अद्भुत आर्किटेक्चर के रूप में जोड़ती हैं। इसलिए जयपुर को भारत का पेरिस भी कहा जाता है। यहां की प्रमुख सड़कें जिन्हें वर्षों पहले इस प्रकार से तैयार किया गया था कि आने वाले समय में भी जयपुर की सड़कों का इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ते समय के साथ लोगों के लिए सरल और सुविधाजनक रहेगा।
लेकिन लगातार जयपुर में बढ़ती ट्रैफिक की समस्या अब वर्षों पुरानी वास्तुकला पर भारी पड़ रही है। अगर बात करें जयपुर की प्रमुख सड़कों की, जिसके साथ पूरे शहर के अंदर और बाहर की कनेक्टिविटी जुड़ी हुई है, तो इनमें मुख्य रूप से जेएलएन मार्ग, मिर्जा इस्माइल रोड, टोंक-अजमेर, दिल्ली और आगरा रोड प्रमुख हैं। लेकिन बढ़ते ट्रैफिक के दबाव के चलते अब जयपुर की सड़कों को मास्टर प्लान की तरह फिर से हाईटेक तरीके से रिनोवेट करने पर मंथन चल रहा है, जिसका पहला चरण जेएलएन मार्ग से शुरू होगा।
जेएलएन मार्ग जयपुर की सबसे वीआईपी और व्यस्ततम सड़क है, जिसकी कुल लंबाई जवाहर सर्किल से अल्बर्ट हॉल तक 7.5 किमी है, जहां इस सड़क पर 9 तिराहे-चौराहे हैं। जेएलएन मार्ग जयपुर की सबसे चौड़ी और साफ-सुथरी सड़कों में से एक है, जहां पीक आवर्स में लोगों को अब ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की कवायद शुरू हो गई है। इसलिए अब जेएलएन मार्ग के ट्रैफिक सिस्टम में दिल्ली की तर्ज पर स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के रूप में इसका इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा।
एलिवेटेड, अंडरपास और क्लोवर लीफ से चमक जाएगी सड़क
हाल ही में जयपुर के जेएलएन मार्ग पर हर दिन बढ़ती ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए जेएलएन मार्ग पर ट्रैफिक का सर्वे किया गया था। जिसके बाद इस वीआईपी रूट को पूरी तरह सिग्नल-फ्री बनाने के लिए जवाहर सर्किल से त्रिमूर्ति सर्किल तक अलग-अलग चौराहों-तिराहों पर एलिवेटेड रोड, क्लोवर लीफ, अंडरपास और यू-टर्न का भव्य इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। जिसके लिए जयपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी को मास्टर प्लान के लिए हरी झंडी मिल चुकी है।
अब जेएलएन मार्ग पर जल्द ही इस मास्टर प्लान को धरातल पर लाने की कवायद शुरू हो गई है। जेएलएन मार्ग पर आम जनता को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए इस मास्टर प्लान में बेहतरीन ट्रैफिक सिस्टम के साथ समय-अवधि पर फोकस रहेगा। क्योंकि सामान्य रूप से 7.5 किमी के इस रूट पर पीक आवर्स में लोगों को 30-45 मिनट लगते हैं, लेकिन जेएलएन मार्ग के मास्टर प्लान तैयार होने के बाद यह दूरी 12 से 15 मिनट तक हो जाएगी।
जेएलएन मार्ग की सड़क के इंफ्रास्ट्रक्चर और दूरी की बात करें तो इस वीवीआईपी रूट पर जवाहर सर्किल से रामनिवास बाग तक प्रत्येक 800 मीटर से 1 किमी तक 9 तिराहे-चौराहे हैं।
इस प्रकार से बदलेगा जेएलएन मार्ग का पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर
जेएलएन मार्ग के मास्टर प्लान के तहत पूरी सड़क को सिग्नल-फ्री करने के साथ इस प्लान पर वर्क किया जाएगा। जिसमें एसएमएस मेडिकल से राजस्थान विश्वविद्यालय तक 1.5 किमी लंबाई में एलिवेटेड, गांधी सर्किल पर अंडरपास, बजाज नगर तिराहे पर क्लोवर लीफ, ओटीएस पर एमएनआईटी के सामने से यू-टर्न तैयार होगा।
वहीं जेडीए चौराहे को पूरी तरह बंद किया जाएगा और रामनिवास बाग और शांति पथ की तरफ से चौराहे पर आने वाले ट्रैफिक को भवानी सिंह रोड की तरफ या त्रिमूर्ति सर्किल की तरफ जाने के लिए गांधी सर्किल से पहले यू-टर्न स्ट्रक्चर बनाया जाएगा। इसके अलावा राजस्थान विश्वविद्यालय से पहले एलिवेटेड खत्म होगी और गांधी सर्किल के नीचे राजस्थान विश्वविद्यालय से जवाहर सर्किल की तरफ जाने वाले ट्रैफिक के लिए अंडरपास बनेगा।
साथ ही गांधी नगर मोड़ से अरण्य भवन जाने वाले ट्रैफिक को अंडरपास की सुविधा मिलेगी। इससे आगे वानिकी प्रशिक्षण संस्थान से लेकर ओटीएस चौराहे के पहले तक एट-ग्रेड एक बड़ा लूप प्रस्तावित किया गया है। जिसके चलते गांधी सर्किल से ओटीएस चौराहे की तरफ सीधा जाने वाला ट्रैफिक निकलेगा। इस प्रकार पूरे जेएलएन मार्ग पर एलिवेटेड, अंडरपास, क्लोवर लीफ, पदयात्री मार्ग और यू-टर्न का ऐसा स्ट्रक्चर तैयार होगा जिससे पूरी सड़क सिग्नल-फ्री के रूप में संचालित होगी और लोगों का सफर जेएलएन मार्ग पर मिनटों में पूरा हो जाएगा।
फेज वाइज होगा तैयार
जेएलएन मार्ग जयपुर का सबसे वीआईपी रूट होने के साथ सबसे व्यस्ततम मार्ग भी है, इसलिए जयपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी के मास्टर प्लान को अलग-अलग फेज में तैयार किया जाएगा। जिसमें मास्टर प्लान के काम के समय ट्रैफिक सिग्नल-फ्री होने से ट्रैफिक को रुकना नहीं पड़ेगा।
जानकारी के मुताबिक जेएलएन मार्ग के इस मास्टर प्लान में करीब ₹500 से ₹600 करोड़ की लागत से इसे तैयार किया जाएगा, जिसे तैयार होने में 2 से 3 साल का समय लगेगा। आपको बता दें जयपुर का जेएलएन मार्ग जयपुर का सबसे वीआईपी और सुंदर रूट है, जहां चाहे देश के प्रधानमंत्री हों या राष्ट्रपति या फिर दुनियाभर की दिग्गज हस्तियां, जयपुर आने-जाने के लिए सबसे ज्यादा इसी रूट का उपयोग होता है। आज भी जेएलएन मार्ग की सड़क पर पहुंचते ही लगता है कि जयपुर की सबसे सुंदर, सुव्यवस्थित और वीआईपी सड़क जेएलएन मार्ग ही है, जहां दिन-रात लाखों वाहनों की आवाजाही रहती है।