एयर एंबुलेंस से लेकर स्काईवॉक तक...जानिए जयपुर के SMS हॉस्पिटल के आयुष्मान टावर की ये खासियतें

SMS Hospital Jaipur: देश के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में राजस्थान का पहला 24 मंजिला भव्य 'आयुष्मान टावर' तैयार हो रहा है। ₹600 करोड़ की लागत से बन रही इस इमारत के टॉप फ्लोर पर एयर एम्बुलेंस के लिए हेलीपैड, 1200 बेड, 1600 वाहनों की पार्किंग और स्काईवॉक जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। जानिए उत्तर भारत के इस सबसे बड़े मेडिकल हब की पूरी इनसाइड स्टोरी

अपडेटेड Sep 24, 2026 पर 5:35 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस IPD टावर में लोगों को 1200 बेड की सुविधा मिलेगी

SMS Hospital Jaipur: जयपुर में स्थित प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल सवाई मानसिंह अस्पताल में मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या और लोगों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं देने के लिए लगातार नए नवाचार किए जा रहे हैं। साथ ही अस्पताल में अलग-अलग विभागों में मेडिकल इंस्टीट्यूट, अत्याधुनिक सेंटर और लैब स्थापित किए जा रहे हैं। इसलिए प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल में भव्य इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप किए जा रहे हैं। इन बिल्डिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में सबसे खास 24 मंजिला आईपीडी टावर जो अब अपने भव्य आकार में दिखाई देने लगा है।

सवाई मानसिंह अस्पताल में बन रहा यह IPD टावर देश की सबसे ऊंची मेडिकल इमारतों में से एक होगा जिसे लोग आयुष्मान टावर के नाम से पहचानेंगे। फिलहाल IPD टावर के कंस्ट्रक्शन का काम तेजी से चल रहा है और उम्मीद है कि 2027 तक लोगों को आयुष्मान टावर में बेहतरीन चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

SMS हॉस्पिटल में तकरीबन ₹600 करोड़ की लागत से तैयार हो रहे इस IPD टावर में लोगों को 1200 बेड की सुविधा मिलेगी। जहां बिल्डिंग में लोगों को एयर एंबुलेंस से लेकर स्काईवॉक वे और ग्रीन कॉरिडोर की सुविधा मिलेगी। IPD टावर के कंस्ट्रक्शन का पहला फेज 2025 से शुरू हुआ था जो अब तैयार होने के बाद भव्य आकार लेने लगा है। IPD टावर की यह बिल्डिंग जयपुर सेंटर की सबसे बड़ी बिल्डिंग भी है जिसे लोग दूर से ही देख सकते हैं।


IPD टावर से मिलेगी राजस्थान को पहली एयर एंबुलेंस की सुविधा

राजधानी जयपुर में 50 से भी अधिक अत्याधुनिक हॉस्पिटल और हाइटेक मेडिकल सेंटर हैं लेकिन जयपुर के किसी भी अस्पताल में एयर एंबुलेंस की सुविधा अभी तक उपलब्ध नहीं है इसलिए सवाई मानसिंह अस्पताल राजस्थान का पहला ऐसा सरकारी अस्पताल होगा जहां मरीजों को देशभर के बड़े शहरों तक जाने और अंग प्रत्यारोपण के लिए एयर एंबुलेंस की सुविधा मिलेगी।

SMS हॉस्पिटल में मरीजों के ऐसे कई मामले हैं जिनमें उन्हें जयपुर से दिल्ली एम्स, मुंबई, चेन्नई और विदेशों तक इलाज के लिए रेफर किया गया है साथ ही लिवर, हार्ट जैसे अंगों को प्रत्यारोपण के लिए देशभर में भेजा जाता है। लेकिन अब लोगों को मेडिकल इमरजेंसी के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए जयपुर से ही देशभर के किसी भी अस्पताल में पहुंचने का लाभ मिलेगा।

IPD टावर में फिलहाल बिल्डिंग के सबसे टॉप फ्लोर पर एयर एंबुलेंस के लिए हेलीपैड कंस्ट्रक्शन का काम प्रगति पर है और 2026 के आखिरी तक यह बनकर तैयार हो जाएगा। IPD टावर में सबसे ऊपर तैयार किया जा रहा हेलीपैड पूरी तरह लोहे और कंक्रीट के साथ हाइटेक टेक्नोलॉजी से तैयार किया जा रहा है।

IPD टावर में ऑपरेशन थिएटर से लेकर आईसीयू तक मिलेगी ये खास सुविधाएं

सवाई मानसिंह अस्पताल में तैयार हो रहा IPD देश की सबसे भव्य सरकारी इमारतों में सिर्फ देखने और दिखाने के लिए नहीं बल्कि इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं के रूप में सबसे भव्य इमारत बनने जा रही है जहां लोगों को इस टावर में जमीन से शुरू होते ही तकरीबन 1600 गाड़ियों की भव्य पार्किंग सुविधा मिलेगी। साथ ही पूरी बिल्डिंग को बेहतरीन इंजीनियरिंग के साथ लोगों को स्काईवॉक वे और नीचे ग्रीन कॉरिडोर देखने को मिलेगा।

IPD टावर के अंदर 112 आईसीयू, 837 जनरल वार्ड, 125 कॉटेज वार्ड, रजिस्ट्रेशन सेंटर, 26 प्री-ऑपरेशन थिएटर और 22 पोस्ट-ऑपरेशन थिएटर तैयार किए जा रहे हैं। इन खास सुविधाओं के साथ ही IPD टावर में रेडियो और माइक्रोबायोलॉजी जैसी अलग-अलग एडवांस लैब तैयार हो रही हैं। पूरे आईपीडी टावर में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को रजिस्ट्रेशन से लेकर ऑपरेशन तक की सभी सुविधाएं एक स्थान पर मिलेंगी। पूरे IPD टावर को इस तर्ज़ पर तैयार किया जा रहा है जहां अस्पताल की प्रमुख बिल्डिंगों से इसका जुड़ाव रहेगा।

उत्तर भारत में सबसे बड़ा मेडिकल हब बनने जा रहा है SMS हॉस्पिटल

राजस्थान में चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में राजधानी जयपुर का सवाई मानसिंह अस्पताल सबसे बड़ा हब बनकर उभर रहा है जहां सिर्फ जयपुर, राजस्थान से ही नहीं बल्कि देश-विदेश से लोग बेहतरीन इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचते हैं जहां उन्हें बेहतरीन इलाज की सुविधा मिलती है।

हाल ही के कुछ वर्षों में सवाई मानसिंह अस्पताल में तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ा और अलग-अलग बीमारियों के लिए अलग-अलग विभागों में अत्याधुनिक सेंटर और लैब शुरू किए गए हैं। इनमें नेशनल ड्रग डिपेंडेंस ट्रीटमेंट सेंटर, जेनेटिक टेस्टिंग लैब, टॉक्सिकोलॉजी लैब, बायोकेमिस्ट्री लैब, न्यूरोओटोलॉजी लैब, स्किन इंस्टीट्यूट (इंसटीट्यूट ऑफ डर्मेटोलॉजी) शुरू हुए हैं जहां लोगों को बेहतरीन इलाज की सुविधा मिलना शुरू हो गया है।

सवाई मानसिंह अस्पताल में लगातार मेडिकल फैसिलिटीज बढ़ने के चलते सबसे ज्यादा उत्तर भारत से मरीज अपना इलाज करवाने आते हैं। इसलिए सवाई मानसिंह अस्पताल देश के सबसे बड़े मेडिकल हब के रूप में उभर रहा है।

रिपोर्ट- अंकित राजपूत

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।