जम्मू कश्मीर के आरएस पुरा के किशोर सुधार गृह (Juvenile Home) से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। सोमवार शाम करीब 5:15 बजे, फिल्मी स्टाइल में तीन खूंखार बंदियों ने हथियारबंद गार्डों पर हमला किया और वहां से फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि फरार होने वालों में दो पाकिस्तानी नागरिक भी शामिल हैं।
CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
सुधार गृह के अंदर लगे CCTV कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक बंदी ने सुरक्षाकर्मियों पर देसी पिस्तौल तान दी और फायरिंग भी की। पुलिस इस बात से हैरान है कि इतनी कड़ी सुरक्षा वाले सुधार गृह के अंदर पिस्तौल कैसे पहुंची? क्या इसके पीछे किसी बाहरी नेटवर्क का हाथ है या यह सुरक्षा में बड़ी लापरवाही है?
फरार हुए तीनों बंदियों की पहचान पुलिस ने कर ली है:
पुलिसकर्मियों पर हमला और मोटरसाइकिल की लूट
भागने के दौरान इन बंदियों ने ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार और विशेष पुलिस अधिकारी विनय कुमार पर जानलेवा हमला किया। घायल जवानों को तुरंत GMC अस्पताल रेफर किया गया है। सुधार गृह से बाहर निकलते ही आरोपियों ने बंदूक की नोक पर एक मोटरसाइकिल छीनी और रफूचक्कर हो गए।
पूरे जम्मू जिले में 'हाई अलर्ट', सीमा पर नाकेबंदी
पाकिस्तानी नागरिकों के शामिल होने के कारण इस फरारी को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। आशंका है कि आरोपी नेशनल हाईवे के रास्ते या सीमा (Border) की तरफ भाग सकते हैं।
जम्मू पुलिस की कई विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं। सांबा और आसपास के इलाकों में कड़ी नाकेबंदी कर दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी खुद सर्च ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।