Noida Airport: जेवर एयरपोर्ट के आसपास बदलने वाली है तस्वीर, 25 हजार हेक्टेयर में ये सब बनाने की तैयारी
Noida International Airport: जेवर एयरपोर्ट के आसपास 25,000 हेक्टेयर में औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की योजना है। यहां सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल डिवाइस, अपैरल, टॉय और डेटा सेंटर पार्क समेत कई परियोजनाएं तैयार की जा रही हैं
मुख्यमंत्री योगी ने जेवर क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए किसानों के सहयोग की सराहना की
उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास आने वाले समय में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र विकसित करने की तैयारी है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के क्षेत्र में करीब 25000 हेक्टेयर जमीन पर विकास की योजना बनाई जा रही है। इस क्षेत्र को प्रमुख औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, मेडिकल डिवाइस, खिलौने, हस्तशिल्प, छोटे उद्योगों और डेटा सेंटर से जुड़े पार्क और क्लस्टर तैयार किए जा रहे हैं।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से गौतम बुद्ध नगर में CNH Industrial के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए ये सारी जानकारियां दी हैं। होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट इस पूरे क्षेत्र को बड़े औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना का अहम हिस्सा है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक सीएम योगी ने क्षेत्र में विकसित हो रहे औद्योगिक इकोसिस्टम के तहत HCL-Foxconn के सेमीकंडक्टर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, MSME पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क और डेटा सेंटर पार्क का जिक्र किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक इन परियोजनाओं से जेवर और आसपास के इलाके में निवेश और रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
25 हजार हेक्टेयर में विकसित होगा औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स हब
सीएम योगी ने कहा कि YEIDA क्षेत्र को करीब 25000 हेक्टेयर में विकसित किया जा रहा है। इस विकास योजना में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सरकार का लक्ष्य इस पूरे क्षेत्र को सिर्फ एयरपोर्ट के आसपास बसे इलाके के रूप में नहीं बल्कि बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक्स केंद्र के रूप में विकसित करना है। इस क्षेत्र में अलग-अलग उद्योगों की जरूरतों के मुताबिक पार्क और क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। इससे अलग अलग क्षेत्रों की कंपनियों को औद्योगिक गतिविधियों के लिए एक जगह पर सुविधाएं और बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख किया उनकी लिस्ट यहां नीचे देखी जा सकती है:-
HCL-Foxconn सेमीकंडक्टर प्लांट: सेमीकंडक्टर निर्माण से जुड़ी औद्योगिक गतिविधियों के लिए।
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर: इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के निर्माण से जुड़ी कंपनियों के लिए।
अपैरल पार्क: कपड़ा और परिधान उद्योग को बढ़ावा देने के लिए।
मेडिकल डिवाइस पार्क: चिकित्सा उपकरणों के निर्माण से जुड़ी इकाइयों के लिए।
टॉय पार्क: खिलौना निर्माण उद्योग के लिए।
MSME पार्क: सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों के लिए।
हैंडीक्राफ्ट पार्क: हस्तशिल्प से जुड़े कारोबार और निर्माण गतिविधियों के लिए।
डेटा सेंटर पार्क: डेटा सेंटर से संबंधित औद्योगिक और तकनीकी गतिविधियों के लिए।
इन परियोजनाओं के जरिए YEIDA क्षेत्र में अलग-अलग उद्योगों का एक व्यापक इकोसिस्टम तैयार करने की कोशिश की जा रही है। एयरपोर्ट की मौजूदगी को भी इस क्षेत्र के औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स विकास से जोड़ा जा रहा है।
CNH Industrial लगाएगी 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा का ट्रैक्टर प्लांट
जेवर क्षेत्र में औद्योगिक निवेश के बीच CNH Industrial का नया ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट भी महत्वपूर्ण परियोजना है। कंपनी इस परियोजना में 1200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर रही है। यह संयंत्र गौतम बुद्ध नगर के YEIDA क्षेत्र के सेक्टर 8D में करीब 100 एकड़ जमीन पर स्थापित किया जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि इस परियोजना से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे स्थानीय कारोबार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
देश के कुल ट्रैक्टर बाजार में यूपी की हिस्सेदारी 18.5 फीसदी
सीएम ने ट्रैक्टर उद्योग के लिए उत्तर प्रदेश की बाजार क्षमता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के कुल ट्रैक्टर बाजार में राज्य की हिस्सेदारी करीब 18.5 फीसदी है। योगी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में ट्रैक्टर की बड़ी बाजार क्षमता और CNH Industrial की तकनीकी व विनिर्माण विशेषज्ञता का मेल इस क्षेत्र में नए अवसर पैदा कर सकता है। इससे राज्य में ट्रैक्टर निर्माण को बढ़ावा मिलने के साथ कृषि क्षेत्र में मशीनीकरण को भी गति मिल सकती है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि CNH की परियोजना आधुनिक विनिर्माण और स्थानीय रोजगार के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित होगी।
यूपी में 50 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव, 15 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट आगे बढ़े
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाएं शिलान्यास या क्रियान्वयन के चरण तक पहुंच चुकी हैं। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में अपनी जगह बना रहा है। उन्होंने 2017 के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था में हुए सुधार को निवेश बढ़ने का एक प्रमुख कारण बताया। बेहतर कानून-व्यवस्था से कंपनियों को कारोबार करने में भरोसा मिला है। इसके अलावा प्रशासनिक सुधार, पारदर्शिता, डिजिटाइजेशन और समयबद्ध सेवाओं ने भी प्रदेश के कारोबारी माहौल को बदलने में भूमिका निभाई है।
यूपी में 14 हजार से बढ़कर 35 हजार से ज्यादा हुई फैक्ट्रियों की संख्या
सीएम योगी ने राज्य में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या पहले करीब 14000 थी, जो अब बढ़कर 35000 से ज्यादा हो गई है। उन्होंने बताया कि राज्य में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) की संख्या एक करोड़ तक पहुंच गई है। वहीं स्टार्टअप की संख्या भी पहले 120 से बढ़कर 25000 से ज्यादा हो गई है। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) के केंद्र के रूप में भी उभर रहा है। सरकार का प्रयास है कि राज्य में उद्योगों के विस्तार के साथ-साथ तकनीक और सेवाओं से जुड़े नए कारोबार को भी बढ़ावा मिले।
टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट और IBM जैसी कंपनियों के साथ तैयार हो रही स्किल्ड वर्कफोर्स
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से प्रशिक्षित और तैयार कार्यबल विकसित करने पर काम कर रही है। इसके लिए टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, IBM, इन्फोसिस, HCL और हिंदुजा ग्रुप जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी की जा रही है। सरकार चाहती है कि प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक कौशल प्रशिक्षण मिले ताकि निवेश के साथ रोजगार के अवसर भी राज्य के स्थानीय युवाओं तक पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए 36 से अधिक सेक्टर आधारित नीतियां लागू की गई हैं। इसके अलावा अलग-अलग देशों के लिए विशेष डेस्क और बड़ा औद्योगिक लैंड बैंक तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य घरेलू और विदेशी निवेशकों, विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) और फॉर्च्यून 500 कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करना है।
एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और फ्रेट कॉरिडोर से मजबूत हो रही कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए विकसित किए जा रहे बुनियादी ढांचे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और समर्पित माल ढुलाई गलियारों ने राज्य की कनेक्टिविटी को मजबूत किया है। इसके साथ ही प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक बुनियादी ढांचे, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और अलग-अलग उद्योगों के लिए समर्पित क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। इनके जरिए कंपनियों के लिए उद्योग स्थापित करना और उनका संचालन करना आसान बनाने की कोशिश की जा रही है।
अगले इन्वेस्टर्स समिट में 7.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने आने वाले निवेशक सम्मेलन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में 7.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों से जुड़ी परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह आयोजित किए जाएंगे।
यूपी को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य इस दिशा में आगे बढ़ रहा है और अर्थव्यवस्था के आकार के मामले में पहले निचले पांच राज्यों में शामिल उत्तर प्रदेश अब देश के शीर्ष तीन राज्यों में पहुंच गया है।
जेवर क्षेत्र के विकास में किसानों के सहयोग को बताया अहम
मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए किसानों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय किसानों ने विकास परियोजनाओं में सहयोग दिया है। इससे इस क्षेत्र में बड़े निवेश लाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिली है। योगी ने कहा कि जेवर का इलाका पहले अपराध और हिंसा से जुड़ी पहचान रखता था लेकिन अब यह निवेश के एक महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में उभर रहा है।