कल का मौसम 15 नवंबर: आ रहा है एक और चक्रवाती तूफान! कई राज्यों में भारी बारिश और तूफान को लेकर IMD का अलर्ट

IMD Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, यह 15 नवंबर की सुबह तक डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके बाद सिस्टम के उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है

अपडेटेड Nov 14, 2026 पर 6:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मौसम विभाग ने बताया कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 16 नवंबर तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले कुछ दिनों में देश के कई राज्यों में मौसम बदलने की चेतावनी दी है। भारतीय मौसम विभाग के द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, 15 नवंबर को देश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश हो सकती है, वहीं हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 15 नवंबर को बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र 16 नवंबर तक और मजबूत होकर मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। मौसम को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की अपील की है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा डिप्रेशन

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह 15 नवंबर की सुबह तक डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके बाद सिस्टम के उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है। IMD के मुताबिक, 16 नवंबर की शाम तक यह बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। IMD ने मछुआरों को खराब मौसम की आशंका के चलते 15 से 18 नवंबर तक दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और 16 से 19 नवंबर तक मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की सलाह दी है।


कश्मीर में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले सात दिनों तक बारिश होने की संभावना नहीं है। इन इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम बदलने के आसार हैं। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश होने का अनुमान है। यहां गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।

ओडिशा में उठेगी ऊंची समुद्री लहरें

मौसम विभाग ने बताया कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 16 नवंबर तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में 18 और 19 नवंबर को भारी बारिश होने की आशंका है। खराब मौसम को देखते हुए 17 नवंबर तक अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के आसपास के समुद्री इलाकों में जाने से बचने को कहा गया है। ओडिशा में मौसम विभाग ने 18 और 19 नवंबर को केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर में भारी बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने 17 नवंबर को दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है, जो बढ़कर 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इस दौरान समुद्र में भी ऊंची लहरें उठने और हालात खराब से बेहद खराब रहने की आशंका है।

हिमाचल में भी खराब रहेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश में 15 नवंबर को कांगड़ा, चंबा, कुल्लू और मंडी जैसे कुछ मध्य पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, राज्य के मैदानी क्षेत्रों और अन्य जिलों में मौसम ज्यादातर साफ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 16 नवंबर से पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। IMD के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो सकता है। अनुमान है कि यह सिस्टम 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।