कल का मौसम 16 नवंबर: चक्रवाती तूफान से मचेगी तबाही? आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, यूपी-दिल्ली में घने कोहरे का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, चक्रवाती तूफान की वजह से दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और यानम में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है

अपडेटेड Nov 15, 2026 पर 4:03 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान आने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को सावधान रहने की सलाह दी (Photo: Canva)

देश के कई राज्यों में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना ये सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। 16 नवंबर को इसके चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसके बाद इसके आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने की संभावना है। इस दौरान समुद्र में तेज हवाएं चल सकती हैं। इस तूफान का असर दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में देखने को मिल सकता है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह के समय कई जगहों पर कोहरा छा रहा है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में 15 से 17 नवंबर तक घना कोहरा रहने की चेतावनी दी है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में भी सुबह ठंड का असर देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं कैसा होगा कल का मौसम

आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट


मौसम विभाग की 15 नवंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार,  चक्रवाती तूफान की वजह से दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और यानम में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर बेहद तेज बारिश भी हो सकती है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 और 19 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा में भी 19 से 21 नवंबर तक तेज बारिश हो सकती है। ओडिशा में इस दौरान तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने और बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधान रहने और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है।

यूपी में कैसा होगा मौसम

उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 से 17 नवंबर तक प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। ऐसे में सुबह और रात के समय लोगों को सफर करते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। घने कोहरे की वजह से सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो सकती है। साथ ही ट्रेन और हवाई सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और धीरे गाड़ी चलाने की सलाह दी है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली और एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 नवंबर को दिल्ली का तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं 17 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद 18 नवंबर को न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। इस दिन पारा 12 से 14 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। सुबह के समय दिल्ली के कई इलाकों में हल्की धुंध और कोहरा छा सकता है।

इन राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 15 से 19 नवंबर तक कई जगहों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। पश्चिम बंगाल, झारखंड और पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी आने वाले दिनों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। छत्तीसगढ़ में 19 से 21 नवंबर के बीच बारिश होने का अनुमान है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में 20 नवंबर और उत्तर छत्तीसगढ़ में 21 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान आने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को सावधान रहने की सलाह दी है। समुद्र में मौजूद मछुआरों को 15 नवंबर तक तट पर लौटने और अंडमान सागर व अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के आसपास 17 नवंबर तक समुद्र में न जाने को कहा गया है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 17 नवंबर, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर और मध्य बंगाल की खाड़ी में 20 नवंबर तक मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित जगहों पर रहने को कहा है। बिजली चमकने के समय पेड़ों के नीचे खड़े न हों और खुले मैदानों में जाने से बचें। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखनी चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।