कल का मौसम 16 नवंबर: आ रहा है खतरनाक चक्रवाती तूफान! इन राज्यों में 75 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, भारी बारिश की चेतावनी

IMD Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब तेजी से मजबूत हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन के 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में 16 नवंबर को आसमान ज्यादातर साफ रहेगा

अपडेटेड Nov 15, 2026 पर 6:52 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है

Kal Ka Mausam: देश के कई राज्यों में आने वाले दिनों में मौसम में काफी बदलाव होने वाला है। इस बदलाव का असर उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक पड़ने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब तेजी से मजबूत हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन के 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। वहीं 17 नवंबर को ये गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की ओर जाने का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 65 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इसके असर से दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की भी आशंका है। आइए जानते हैं कैसा होगा कल का मौसम

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा


मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है। ये उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की ओर जा सकता है। इसके असर से समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। 16 नवंबर को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में हवा की रफ्तार 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ समय के लिए हवा के झोंके 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने की आशंका है। वहीं, दोपहर के बाद दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में हवा की रफ्तार 65 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मध्य बंगाल की खाड़ी में भी तेज हवाएं चलने का अनुमान है। ऐसे में समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं। मछुआरों को इन इलाकों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा में बारिश का असर

चक्रवाती तूफान की वजह से दक्षिण भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, 16 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और तमिलनाडु में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, रायलसीमा और केरल में भी बारिश हो सकती है। 17 नवंबर के बाद बारिश तेज होने का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 17 से 19 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 19-20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, ओडिशा में 19 से 21 नवंबर के बीच तेज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी है।

यूपी में घने कोहरे की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर को भी घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है। सुबह और रात के समय दृश्यता कम हो सकती है। इससे सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। कोहरे की वजह से ट्रेन और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को धीरे गाड़ी चलाने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। कोहरे के दौरान आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाए रखना भी जरूरी है। ट्रेन या फ्लाइट से सफर करने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा का समय और ताजा स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए।

अंडमान में भी होगी तेज हवा के साथ बारिश

16 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां 17 नवंबर तक तेज हवाओं का असर बना रह सकता है। समुद्र में भी स्थिति खराब रहने का अनुमान है। इसलिए लोगों को समुद्र के आसपास जाने और खुले इलाकों में सावधानी बरतने की जरूरत है।

दिल्ली-NCR में कैसा होगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में 16 नवंबर को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। लेकिन, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध और कोहरा छा सकता है। आईएमडी के अनुसार, इस दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह हल्की ठंड महसूस होगी, वहीं दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना रह सकता है। शाम और रात में हवा की गति कम हो जाएगी। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में बारिश की कोई संभावना नहीं है।

इन राज्यों में भी बदल सकता है मौसम

पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। 16 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, पश्चिम बंगाल के हिमालय से सटे इलाकों और सिक्किम में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी बारिश का अनुमान है। मध्य भारत और पश्चिम भारत के ज्यादातर राज्यों में 16 नवंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव का अनुमान नहीं है। हालांकि, आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। समुद्र में मौजूद मछुआरों को 15 नवंबर तक तट पर लौटने की सलाह दी गई है। 16 नवंबर को अंडमान सागर, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के आसपास और बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और मध्य हिस्सों में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने को कहा गया है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर और मध्य बंगाल की खाड़ी में 20 नवंबर तक समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।