दशहरा से पहले KDA का तोहफा, कानपुर में 844 प्लॉट की बिक्री शुरू; जानिए रेट और ऑनलाइन आवेदन का प्रोसेस

KDA Plot Scheme: कानपुर में अपना घर बनाने या बिजनेस शुरू करने की चाहत रखने वालों के लिए खुशखबरी है। कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने त्योहारों से पहले शहर की प्राइम लोकेशंस पर 844 प्लॉट की बिक्री के लिए ऑनलाइन ई-ऑक्शन शुरू कर दिया है। मात्र 30 वर्गमीटर से शुरू होने वाले इन प्लॉट्स की शुरुआती कीमत ₹15,000 प्रति वर्गमीटर रखी गई है। जवाहरपुरम से लेकर शताब्दी नगर तक, जानिए किन-किन योजनाओं में प्लॉट उपलब्ध हैं और कैसे करें ऑनलाइन आवेदन

अपडेटेड Oct 15, 2026 पर 12:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि अलग-अलग श्रेणियों के भूखंडों को ई-ऑक्शन के माध्यम से बेचने की व्यवस्था की गई है

KDA Scheme 2026: अपना घर बनाने या कारोबार शुरू करने के लिए जमीन खरीदने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने नई पहल की है। प्राधिकरण ने शहर की अलग-अलग योजनाओं में खाली पड़े 844 प्लॉट की बिक्री के लिए ऑनलाइन आवेदन और ई-ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू की है।

इनमें आवासीय भूखंडों के साथ दुकान, व्यावसायिक परिसर, स्कूल-कॉलेज और दूसरी जरूरतों के लिए जमीन भी शामिल है। खास बात यह है कि एक प्लॉट का क्षेत्रफल 30 वर्गमीटर से शुरू हो रहा है। ऐसे में छोटे बजट में जमीन खरीदने की योजना बना रहे लोग भी अपने लिए विकल्प तलाश सकते हैं।

कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक ने बताया कि जवाहरपुरम, शताब्दी नगर, महावीर नगर विस्तार, हाईवे सिटी विस्तार, अर्रा-बिनगवां और अन्य स्थानों पर भूखंड उपलब्ध हैं। इनकी जानकारी प्राधिकरण के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड की गई है। इच्छुक आवेदक वेबसाइट पर जाकर भूखंड का क्षेत्रफल, स्थान और निर्धारित कीमत देख सकते हैं। केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि अलग-अलग श्रेणियों के भूखंडों को ई-ऑक्शन के माध्यम से बेचने की व्यवस्था की गई है।


कीमत 15 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर से शुरू 

केडीए की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 844 भूखंडों में सबसे छोटा प्लॉट 30 वर्गमीटर का है। इसकी कीमत 15 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर से शुरू होती है। वहीं, सबसे बड़े भूखंड का क्षेत्रफल 8,999.61 वर्गमीटर है। इसकी शुरुआती दर 1,39,300 रुपये प्रति वर्गमीटर बताई गई है। भूखंड की जगह, क्षेत्रफल और श्रेणी के अनुसार कीमत अलग-अलग होगी। इसलिए आवेदन करने से पहले लोगों को संबंधित भूखंड की पूरी जानकारी और नियम जरूर देख लेने चाहिए।

महावीर नगर में 125 व्यावसायिक भूखंड

प्राधिकरण की योजनाओं में आवासीय और व्यावसायिक, दोनों तरह के विकल्प रखे गए हैं। न्यू ट्रांसपोर्ट नगर में 220 व्यावसायिक भूखंड, भागीरथी और जान्हवी योजना में 97 व्यावसायिक भूखंड और तात्या टोपे नगर में 21 व्यावसायिक भूखंड शामिल हैं। रामगंगा इंक्लेव में 20 आवासीय भूखंड, शताब्दी नगर सेक्टर तीन और चार में 42 आवासीय भूखंड तथा महावीर नगर विस्तार पार्ट-दो में 88 आवासीय भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं। महावीर नगर विस्तार में 125 व्यावसायिक भूखंड भी शामिल हैं।

हाईवे सिटी विस्तार और न्यू कानपुर सिटी पर नजर

केडीए सचिव अभय पांडेय के मुताबिक, हाईवे सिटी विस्तार योजना में 96 आवासीय भूखंड खरीदने का अवसर भी दिया जाएगा। इसके लिए इच्छुक लोगों को प्राधिकरण की वेबसाइट पर आने वाली जानकारी देखते रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा दीपावली पर न्यू कानपुर सिटी योजना लॉन्च करने की तैयारी है।

केडीए की इस पहल से उन लोगों को विकल्प मिलने की उम्मीद है, जो शहर में घर बनाने या अपना कारोबार शुरू करने के लिए जमीन तलाश रहे हैं। हालांकि, आवेदन की अंतिम तारीख, ई-ऑक्शन की समय-सारिणी और भुगतान की शर्तें संबंधित योजना के आधिकारिक नोटिस से जरूर जांच लें।

रिपोर्ट: अखंड प्रताप सिंह

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।