कानपुर में 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 पर मेट्रो का ट्रायल रन सफल, 8 स्टेशनों से जुड़ेगा शहर का बड़ा हिस्सा

कानपुर में मेट्रो को पहली बार सीएसए परिसर में बने कॉरिडोर-2 डिपो से मेट्रो ट्रेन को टेस्ट रन के लिए रवाना किया गया। पहले टेस्ट रन के दौरान मेट्रो ट्रेन को मैनुअल मोड में पांच किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया गया। इसके बाद ट्रेन को वापस डिपो लाया गया। आइए जानें

अपडेटेड Oct 15, 2026 पर 1:59 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पहली बार सीएसए परिसर में बने कॉरिडोर-2 डिपो से मेट्रो ट्रेन को टेस्ट रन के लिए रवाना किया गया।

कानपुर में मेट्रो का दायरा बढ़ाने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। अब कॉरिडोर-2 पर भी मेट्रो ट्रेन दौड़ने लगी है। मंगलवार को पहली बार सीएसए परिसर में बने कॉरिडोर-2 डिपो से मेट्रो ट्रेन को टेस्ट रन के लिए रवाना किया गया। ट्रेन रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया के अंडरग्राउंड स्टेशनों से होते हुए विजय नगर चौराहे के पास बने रैंप तक पहुंची। इसके बाद ट्रेन को वापस डिपो लाया गया। इस उपलब्धि के साथ सीएसए से बर्रा-8 तक मेट्रो चलाने की दिशा में काम आगे बढ़ गया है।

पांच किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हुई जांच

पहले टेस्ट रन के दौरान मेट्रो ट्रेन को मैनुअल मोड में पांच किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया गया। इस दौरान ट्रैक, बिजली सप्लाई और दूसरी तकनीकी व्यवस्थाओं के बीच तालमेल की जांच की गई। परीक्षण से मिले आंकड़ों का विश्लेषण करने के बाद आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। आने वाले समय में ट्रेन को ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) और ऑटोमेटिक ट्रेन ऑपरेशन (एटीओ) मोड में भी चलाकर जांच की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों के लिए सेवा शुरू करने से पहले सभी जरूरी तकनीकी और सुरक्षा जांच पूरी की जाएंगी।

8।60 किमी लंबे कॉरिडोर पर बनेंगे आठ स्टेशन

कानपुर मेट्रो का कॉरिडोर-2 सीएसए से बर्रा-8 तक करीब 8।60 किमी लंबा है। इसमें लगभग 4।10 किमी हिस्सा अंडरग्राउंड और 4।50 किमी हिस्सा एलिवेटेड होगा। इस कॉरिडोर पर कुल आठ स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इनमें एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, रावतपुर, काकादेव, डबल पुलिया, विजय नगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8 शामिल हैं। इस रूट के शुरू होने से शहर के कई इलाकों में मेट्रो की पहुंच बढ़ेगी और लोगों को आवागमन का एक बेहतर विकल्प मिलेगा।

अब अपलाइन पर टेस्ट रन की तैयारी


फिलहाल डिपो से विजय नगर चौराहे के पास स्थित रैंप तक डाउनलाइन पर ट्रैक बिछाने और थर्ड रेल लगाने का काम पूरा होने के बाद टेस्ट रन किया गया है। अब अपलाइन पर भी ट्रैक निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होते ही इस लाइन पर भी ट्रेन का परीक्षण शुरू किया जाएगा।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस उपलब्धि पर कर्मचारियों और शहरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान कई चुनौतियों का सामना करने के बाद यह महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल हुआ है। आगे भी मेट्रो के नए सेक्शन की सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं की गहन जांच की जाएगी। फिलहाल कॉरिडोर-1 पर आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक करीब 15 किमी हिस्से में यात्री सेवाएं चल रही हैं, जबकि कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक सेवा शुरू करने की तैयारी है।

कानपुर से अखंड प्रताप सिंह की रिपोर्ट

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।