दिवाली का त्योहार आते ही देशभर में मिट्टी के दीयों की मांग बढ़ जाती है। इस बार जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के कुम्हार भी इस मांग को पूरा करने में जुटे हैं। यहां के स्थानीय कारीगरों ने दिवाली से पहले करीब 40 हजार मिट्टी के दीये तैयार किए हैं। खास बात यह है कि कभी घाटी में बाहर से मंगाए जाने वाले दीये अब स्थानीय कुम्हार खुद बना रहे हैं। इस काम से न सिर्फ कश्मीर की पारंपरिक मिट्टी के बर्तन बनाने की कला को आगे बढ़ाने की कोशिश हो रही है बल्कि स्थानीय कारीगरों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे हैं।
