डेढ़ साल के मासूम पर हैवानियत की हद! 51 जख्म, टूटी हड्डियां और जलने के निशान, मां और लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, अश्कर बच्चे को अस्पताल लेकर गया था और डॉक्टरों को बताया था कि खाना और पानी पीने के बाद बच्चे को उल्टी हुई और अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसने दावा किया कि बच्चा बेहोश हो गया था, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया

अपडेटेड Jun 02, 2026 पर 2:57 PM
Story continues below Advertisement
Kerala Toddler: डेढ़ साल के मासूम पर हैवानियत की हद! 51 जख्म, टूटी हड्डियां और जलने के निशान, मां और लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप

केरल के नेडुमंगड इलाके में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की मौत के मामले ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे के शरीर पर करीब 51 चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने उसकी मां अखिला और उसके लिव-इन पार्टनर अश्कर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों पर बच्चे अर्शिद के साथ लंबे समय तक बेरहमी से मारपीट करने का आरोप है। अधिकारियों का कहना है कि 29 मई को बच्चे की मौत हुई थी और शुरुआती जांच में इसे अस्वाभाविक मौत माना गया था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला हत्या तक पहुंच गया।

शरीर पर 51 चोटें, लंबे समय से हो रही थी प्रताड़ना


पोस्टमार्टम में बच्चे के शरीर पर ताजा और पुराने दोनों तरह के घाव मिले। जांचकर्ताओं का मानना है कि बच्चे को लंबे समय से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। रिपोर्ट में अंदरूनी चोटों के भी संकेत मिले हैं, जिन्हें मौत की वजह माना जा रहा है।

अस्पताल पहुंचाकर कहा- उल्टी के बाद बिगड़ी तबीयत

पुलिस के अनुसार, अश्कर बच्चे को अस्पताल लेकर गया था और डॉक्टरों को बताया था कि खाना और पानी पीने के बाद बच्चे को उल्टी हुई और अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसने दावा किया कि बच्चा बेहोश हो गया था, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

बाद में बच्चे को तिरुवनंतपुरम के एसएटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां 29 मई की शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि जांच के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे के शरीर पर कई चोटों के निशान देखे, जिससे उन्हें शक हुआ।

नानी का आरोप- जब बेटी बच्चे को ले गई, तब वह बिल्कुल ठीक था

मामले में बच्चे की नानी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब उनकी बेटी अखिला बच्चे को अपने साथ लेकर गई थी, तब उसके शरीर पर कोई चोट नहीं थी।

नानी ने यह भी दावा किया कि पहले भी बच्चे के दोनों हाथ टूट चुके थे। उस समय उन्हें बताया गया था कि बच्चा गिर गया था, लेकिन उन्हें इस कहानी पर भरोसा नहीं हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत भी की थी।

शरीर पर सिगरेट से जलाने के निशान होने का आरोप

बच्चे के नाना और दादा ने भी आरोप लगाया है कि उसके शरीर पर गोल आकार के जलने के निशान थे, जो सिगरेट से जलाने जैसे लग रहे थे।

नाना ने कहा, "बच्चे के शरीर का शायद ही कोई हिस्सा बचा हो, जहां चोट न लगी हो।"

अश्कर पर पहली पत्नी को प्रताड़ित करने के भी आरोप

इस मामले के बाद अश्कर के अतीत को लेकर भी चौंकाने वाले आरोप सामने आए हैं। उसकी पहली पत्नी अमीना के परिवार ने आरोप लगाया है कि अश्कर ने उसे लंबे समय तक शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया था।

परिजनों का दावा है कि उसने अमीना को बुरी तरह पीटा और यहां तक कि उसे पंखे से लटकाने की भी कोशिश की थी। उनका कहना है कि गंभीर चोटों के कारण अमीना लंबे समय तक बिस्तर पर रही और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

परिवार का यह भी आरोप है कि अश्कर की अमीना से कानूनी तौर पर अभी तक तलाक नहीं हुआ है।

सबूत जुटाने पहुंची पुलिस, भड़के लोग

रविवार को जब पुलिस सबूत जुटाने के लिए आरोपियों को उनके किराए के घर लेकर पहुंची, तो इलाके के लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर अश्कर पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप कर भीड़ को हटाना पड़ा।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मासूम बच्चे को इतनी बर्बरता का सामना क्यों और कैसे करना पड़ा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।