प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और कांग्रेस नेता शशि थरूर के साथ मंच साझा करते हुए विपक्ष के INDIA गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा, “आज का इवेंट बहुत लोगों की नींद खराब कर देगा।” केरल के तिरुवनंतपुरम में विझिंजम पोर्ट के उद्घाटन समारोह के दौरान बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, "मैं मुख्यमंत्री को बताना चाहता हूं, आप INDI गठबंधन के एक मजबूत स्तंभ हैं, शशि थरूर भी यहां बैठे हैं। आज का इवेंट कई लोगों की नींद में खलल डालने वाला है।"
दिलचस्प बात यह है कि आग में घी डालने का काम यह हुआ कि प्रधानमंत्री ने जिस पट्टिका का अनावरण किया, उसमें कांग्रेस नेता शशि थरूर का नाम भी लिखा हुआ है। थरूर को बाकी नेताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच साझा करते भी देखा गया।
यह ध्यान वाली बात है कि थरूर ने कई मौकों पर BJP के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के पक्ष में बोला है और अपनी ही पार्टी कांग्रेस की तरफ से इसकी आलोचना किए जाने के कारण परेशानी में पड़ गए हैं।
दरअसल, पिछले महीने थरूर ने स्वीकार किया था कि 2022 में शुरू होने वाले रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत के तटस्थ रुख का विरोध करने के कारण उन्हें “अपमानित” होना पड़ा था।
PM मोदी ने विझिंजम पोर्ट का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां विझिंजम इंटरनेशनल पोर्ट का आधिकारिक रूप से उद्घाटन किया, जिसका निर्माण 8,867 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से पूरा हुआ है।
प्रधानमंत्री सुबह 10.15 बजे तिरुवनंतपुरम शहर से हेलीकॉप्टर के जरिए पोर्ट एरिया में पहुंचे और ‘हार्ड हैट’ पहनकर बंदरगाह केंद्र का चक्कर लगाया और यहां की सुविधाओं का जायजा लिया।
इसके बाद, 11.33 बजे उन्होंने केरल के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी और तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर की मौजूदगी में सुविधा के पहले चरण का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया।
तिरुवनंतपुरम जिले में स्थित इस बंदरगाह से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और शिपिंग के क्षेत्र में भारत की भूमिका बदलने की उम्मीद है।
गहरे पानी के इस बंदरगाह को अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (APSEZ) ने विकसित किया है, जो भारत का सबसे बड़ा पोर्ट डेवलपर है और अदाणी ग्रुप का हिस्सा है।
सफल परीक्षण के बाद बंदरगाह को पिछले साल चार दिसंबर को कमर्शियल ‘कमीशनिंग’ सर्टिफिकेट मिला था।