Ketan Murder: 'केतन अभी जिंदा है...'; मंगेतर के खाई में गिरने के बाद सिया गोयल ने जब सुनी ये बात तो उसके उड़ गए थे होश, ऐसा हो गया था चेहरा
Ketan Agarwal Murder: महाराष्ट्र के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान हुई करोड़पति युवा कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत का मामला अब कथित हत्या की साजिश में बदल गया है। शुरुआत में इसे एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा था। लेकिन जांच के बाद पुलिस ने मृतक केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है
Ketan Agarwal Murder: पुणे के चर्चित युवा कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं
Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के युवा बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की हत्या मामले की जारी जांच में एक और दिलचस्प बात सामने आई है। लोहागढ़ किले के एक कर्मचारी का दावा है कि जब 26 साल के केतन की मंगेतर सिया गोयल को उसने बताया गया कि खाई में गिरने के बाद भी केतन जिंदा है, तो उसे राहत महसूस होने के बजाय वह डर गई थी। लोहागढ़ किले पर तैनात कर्मचारी ने पुलिस को बताया है कि जब उसने केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल को यह कहकर भरोसा दिलाने की कोशिश की कि केतन अभी जिंदा हैं, तब सिया राहत महसूस करने के बजाय घबराई और डरी हुई नजर आई।
कर्मचारी का यह दावा ऐसे समय में सामने आया है जब पुलिस पहले ही सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को केतन की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है। लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान हुई केतन अग्रवाल की मौत का मामला अब कथित हत्या की साजिश में बदल गया है। शुरुआत में इसे एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा था। लेकिन जांच के बाद पुलिस ने मृतक केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है।
घटना के बाद सिया की चीख सुनकर पहुंचे कर्मचारी
'न्यूज18 मराठी' की रिपोर्ट के अनुसार, लोहागढ़ किले पर कार्यरत राहुल नामक कर्मचारी ने बताया कि 18 जून को सिया की चीखें सुनकर वह और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान सिया ने उन्हें बताया कि फोटो खींचते समय केतन गहरी खाई में गिर गए हैं। राहुल के मुताबिक, उस समय सिया घबराई हुई दिखाई दे रही थी। लेकिन उसकी आंखों में आंसू नहीं थे। इसके बाद टीम के सदस्य केतन की तलाश में खाई की ओर उतर गए।
'मैंने कहा केतन जिंदा हैं, लेकिन सिया और ज्यादा घबरा गई'
राहुल ने हमारे सहयोगी चैनल को बताया कि खोजबीन के दौरान उन्हें केतन अग्रवाल खून से लथपथ हालत में मिले। हालांकि, उन्हें अंदाजा हो गया था कि केतन की मौत हो चुकी है। लेकिन सिया को तत्काल सदमा न लगे, इसलिए उन्होंने उसे यह कहकर दिलासा देने की कोशिश की थी कि केतन अभी जिंदा हैं। राहुल के अनुसार, केतन के जिंदा होने की सूचना पर सिया की प्रतिक्रिया सामान्य नहीं थी। कर्मचारी ने दावा किया, "मैंने सोचा था कि यह सुनकर उसे राहत मिलेगी। लेकिन वह और ज्यादा डरी हुई और घबराई हुई नजर आई। यही बात मुझे असामान्य लगी।"
पहले भी उठ चुके हैं सिया के व्यवहार पर सवाल
कर्मचारी का लेटेस्ट दावा केतन अग्रवाल के परिवार की तरफ से पहले लगाए गए आरोपों से भी मेल खाता है। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि बेटे की मौत के बाद सिया ने दुख नहीं जताया। वह असामान्य रूप से शांत दिखाई दे रही थी। हालांकि, किसी व्यक्ति की भावनात्मक प्रतिक्रिया को क्राइम का प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं माना जाता। जांच एजेंसियां ऐसे बयानों को अन्य सबूतों के साथ जोड़कर देखती हैं।
'कई बार की गई थी हत्या की कोशिश'
पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, 18 जून की घटना कोई आकस्मिक हादसा नहीं थी। बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। जांच में यह भी सामने आया है कि केतन को मारने की कथित कोशिश पहले भी कई बार की गई थी। पुलिस का दावा है कि सिया लगातार केतन को लोहागढ़ किला आने के लिए कह रही थी। एक बार कथित तौर पर केतन खाई में गिरने के बाद झाड़ियों का सहारा लेकर बच निकले थे, जिससे हत्या की योजना विफल हो गई थी।
CCTV फुटेज से खुला राज
जांच में अहम मोड़ तब आया जब पुणे पुलिस ने किले के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच अधिकारियों ने देखा कि तेज गर्मी के बावजूद एक युवक 'हुडी' पहनकर केतन और सिया का पीछा कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, यह युवक बाद में सिया का प्रेमी चेतन चौधरी निकला। आरोप है कि वह किले में पहले से छिपा हुआ था। सिया से तय संकेत मिलने के बाद उसने वारदात को अंजाम देने में भूमिका निभाई।
सिया और चेतन के रिश्ते की भी जांच जारी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी कई महीनों से लगातार एक दूसरे के संपर्क में थे। जांचकर्ताओं का दावा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। जबकि सिया की शादी नवंबर में केतन अग्रवाल से होने वाली थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सिया शादी को लेकर असहज थी। उसने शादी टालने की इच्छा जताई थी। अधिकारियों का दावा है कि इन्हीं परिस्थितियों ने कथित साजिश को जन्म दिया।
आरोप अभी साबित होना बाकी
फिलहाल पुलिस डिजिटल सबूतों, कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और गवाहों के बयानों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। हालांकि, सिया गोयल और चेतन चौधरी के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप अभी जांच के दायरे में हैं। इन्हें अदालत में साबित होना बाकी है। मामले में फाइनल निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुणे पुलिस का दावा है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल शादी के लिए तैयार नहीं थीं। परिवार की तरफ से उन पर शादी के लिए दबाव डाला जा रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और डिजिटल एवं हालात से जुड़े सबूतों के विश्लेषण से यह पता चला है।