पीएम मोदी के दिवंगत पिता पर विवादित बयान को लेकर घिरे खड़गे, अमित शाह समेत BJP नेताओं ने साधा निशाना

Modi Ka Baap Bhi Jayega Remark Row: एक व्यक्ति की टिप्पणी 'प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे' के जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की इस विवादित बयान पर विवाद शुरू हो गया कि 'मोदी का बाप भी जाएगा।' खड़गे ने यह टिप्पणी उस वक्त की जब वह पटना में स्वतंत्रता सेनानी और बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे

अपडेटेड Oct 26, 2026 पर 7:46 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Modi Ka Baap Bhi Jayega Remark Row: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान पर विवाद शुरू हो गया है

Modi Ka Baap Bhi Jayega Remark Row: बिहार की राजधानी पटना में रविवार (25 अक्तूबर) को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति की टिप्पणी 'प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे' के जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की इस विवादित बयान पर विवाद शुरू हो गया कि 'मोदी का बाप भी जाएगा।' खड़गे ने यह टिप्पणी उस वक्त की जब वह पटना में स्वतंत्रता सेनानी और बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। खड़गे के इस बयान पर कि कांग्रेस स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों को जेल भेजेगी, कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति चिल्लाया, "जब तक विद्रोह नहीं होगा, (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी कहीं नहीं जाएंगे।"

कांग्रेस अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा, 'मोदी का बाप भी जाएगा।' बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए, दर्शक के रूप में मौजूद उस व्यक्ति ने अपनी पहचान संतोष कुमार बताई। साथ ही कहा कि वह छपरा से कांग्रेस का कार्यकर्ता है। कुमार ने यह भी दावा किया कि कार्यक्रम के दौरान बोलने पर लोगों ने उसे भाजपा कार्यकर्ता समझ लिया। कुमार ने कहा, "मेरे कहने का मतलब यह था कि जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, तब तक नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे।"

खड़गे की टिप्पणी पर BJP, JDU, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के वरिष्ठ नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, "जिसका इस्तेमाल गुंडे और उपद्रवी करते हैं।"


खड़गे के बयान पर अमित शाह ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी खड़गे पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने राजनीतिक मर्यादा की सारी हदें पार कर दी हैं। शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नीतियों और मुद्दों पर बहस करने के बजाय व्यक्तिगत हमलों और अपशब्दों का ज्यादा इस्तेमाल कर रही है। शाह ने X पर लिखा, "कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएँ तार-तार कर दी हैं।"

शाह ने कहा, "यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएँ पार करती जा रही है। बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा एवं निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियाँ की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।"

बीजेपी के इन नेताओं का भी हमला

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देश की जनता इस अमर्यादित राजनीति को भली-भांति देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी। उन्होंने X पर कहा, "पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियेपन को दर्शाता है।" नवीन ने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी एक गरिमा होती है। उन्होंने कहा, "लेकिन सार्वजनिक मंच से दिवंगत परिजनों को भाषणों में घसीटना ही अब राहुल गांधी और समूचे विपक्ष की असली संस्कृति बन चुकी है।"

BJP ने अपने X हैंडल पर कहा, "कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं... इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है।" बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खड़गे की टिप्पणी की निंदा की और कांग्रेस से माफी मांगने को कहा। मुख्यमंत्री ने खड़गे की टिप्पणी को अपराध बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के पिता के खिलाफ इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक भाषा के लिए कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी नेता राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने खरगे की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि बार-बार चुनावी हार से निराश कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करके अपनी राजनीतिक खुन्नस निकाल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता के प्रति खड़गे द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की जितनी कड़ी निंदा की जाए, उतनी कम है। BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ खरगे की टिप्पणियों को ‘‘शर्मनाक और अमर्यादित’’ बताते हुए सोनिया गांधी और राहुल गांधी से माफीनामे की मांग की।

अन्य नेताओं का बयान

जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन प्रसाद ने एक वीडियो बयान में कहा कि उनकी पार्टी खड़गे की टिप्पणियों की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करती है। केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ खरगे की टिप्पणी को अफसोसजनक बताया। केंद्रीय मंत्री और बिहार में राजग के सहयोगी दल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का जिक्र करते समय मर्यादा बनाए रखना हर राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।

ये भी पढ़ें- Anant Ambani Gifts Bike: साइकिल से डिलीवरी करने वाले Blinkit राइडर को अनंत अंबानी ने गिफ्ट की स्कूटी तो छलक पड़े आंसू; वीडियो ने जीता लोगों का दिल

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने लिखा, "मुहब्बत की दुकान में नफरत के बीज! अच्छा हुआ खड़गे जी, आपने आवेश में आकर काँग्रेस के बंद कमरें में चलने वाली बातें मंच पर इस्तेमाल कर ही दीं। भारत भी कांग्रेस को जान चुका है। मोदी जी के दिवंगत पिताजी के बारे में अभद्र भाषा में की गई टिप्पणी कांग्रेस के बेशर्मी की हद बयां करती है। मैं फिर कहता हूं, आप अगले चुनाव भी हारेंगे और इसका कारण लोगों के मन में मोदी जी के प्रति लगाव तो होगा ही.. पर आपके ऐसे नफरती शब्द भी अनेक कारणों में से एक होंगे।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। उन्होंने कहा, "वैचारिक विरोध को व्यक्तिगत अपमान में बदलना, राजनीतिक मतभेद को गाली-गलौज तक ले जाना और प्रधानमंत्री के परिवार को निशाना बनाना कांग्रेस की हताशा और वैचारिक शून्यता को दर्शाता है।" उन्होंने कहा, "यह सिर्फ किसी एक व्यक्ति या परिवार का अपमान नहीं है, बल्कि भारतीय राजनीति की गरिमा पर भी हमला है।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।