‘मुझसे शादी करोगी?’ कोलकाता का हैवान मनोजीत मिश्रा लड़कियों के लिए था शैतान, कॉलेज कैंपस को बना रखा था अपना अड्डा

कोलकाता लॉ कॉलेज की 24 साल की छात्रा के साथ गैंगरेप का मुख्य आरोपी मनोजित मिश्रा (उर्फ मैंगो), टीएमसी छात्र संगठन TMCP का साउथ कोलकाता जिला संयोजक है। वह 2022 में इसी लॉ कॉलेज से ग्रेजुएट हुआ था, लेकिन कॉलेज में उसका खौफ बना रहा। छात्राओं को धमकाना, शराब पीकर यूनियन रूम में लड़कियों को बुलाना, जूनियर स्टूडेंट्स का अपहरण करना – ये सब उसके लिए आम बात थी

अपडेटेड Jun 30, 2025 पर 6:35 PM
Story continues below Advertisement
कोलकाता लॉ कॉलेज की 24 साल की छात्रा के साथ गैंगरेप की भयावह घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है।

कोलकाता के प्रतिष्ठित साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज की 24 साल की छात्रा के साथ गैंगरेप की भयावह घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। इस मामले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के छात्र संगठन नेता मनोजित मिश्रा, दो और छात्र 19 साल के जैब अहमद, 20 साल के प्रमित मुखोपाध्याय और एक कॉलेज सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार किया गया है। यह वारदात ऐसे समय सामने आई है, जब कोलकाता पहले ही आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या के मामले से उबर नहीं पाया है।

मुख्य आरोपी मनोजित मिश्रा (उर्फ मैंगो), टीएमसी छात्र संगठन TMCP का साउथ कोलकाता जिला संयोजक है। वह 2022 में इसी लॉ कॉलेज से ग्रेजुएट हुआ था, लेकिन कॉलेज में उसका खौफ बना रहा। छात्राओं को धमकाना, शराब पीकर यूनियन रूम में लड़कियों को बुलाना, जूनियर स्टूडेंट्स का अपहरण करना – ये सब उसके लिए आम बात थी।

उसके जूनियर और पूर्व सहपाठियों के हवाले से मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मिश्रा उर्फ ​​मैंगो में लंबे समय से मनोरोगी और यौन हिंसा की प्रवृत्ति थी। उन्होंने कहा कि मिश्रा को 2021 में कॉलेज की तृणमूल इकाई से निष्कासित कर दिया गया था। वो परिसर में “कई और लड़कियों” को “तुई अमय बिये कोरबी (मुझसे शादी करोगी)?” जैसे वन-लाइनर के साथ निशाना बनाता था।


पूर्व छात्रा देबोलिना दास ने CNN-News18 को बताया, "मनोजित मिश्रा हमेशा लड़कियों को परेशान करता था। वह यूनियन रूम में शराब पीकर उन्हें बुलाता, वीडियो बनाता और फोटो मॉर्फ कर वायरल करता। कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।"

कॉलेज के अंदरूनी सूत्रों ने Times of India को बताया कि मिश्रा लड़कियों के अश्लील वीडियो बनाता, उनकी तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें दोस्तों में शेयर करता था। वह कॉलेज के WhatsApp ग्रुप्स पर कंट्रोल रखता था और खुद को “बॉस” समझता था।

एक छात्रा ने कहा, "हमने टीचर-इन-चार्ज से यौन शोषण की शिकायत की, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। कई छात्राएं कॉलेज आना छोड़ चुकी थीं।"

गैंगरेप की खौफनाक वारदात: प्रेम प्रस्ताव ठुकराया तो बनाया शिकार

पीड़िता ने 26 जून को दर्ज शिकायत में बताया कि वह कॉलेज में एक फॉर्म भरने गई थी। काम खत्म होने के बाद उसे जबरन यूनियन रूम में रोक लिया गया। आरोपी ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा जिसे ठुकराने पर वह गुस्से में आ गया।

उसने कॉलेज का गेट बंद करवा दिया और फिर प्रेम प्रस्ताव दोहराया। इनकार पर उसने बलपूर्वक संबंध बनाने की कोशिश की। लड़की के विरोध करने पर उसने उसे हॉकी स्टिक से पीटा, धमकी दी कि वह उसके बॉयफ्रेंड और माता-पिता को झूठे केस में फंसा देगा।

पीड़िता ने बताया, "मैंने उससे मिन्नतें की, उसके पैर तक छुए, लेकिन वह नहीं रुका। उसने मुझे जमीन पर घसीटा और फिर यूनियन ऑफिस के पास सिक्योरिटी गार्ड के कमरे में ले जाकर गैंगरेप किया।" इस दौरान बाकी दोनों आरोपी खड़े होकर देखते रहे।

कोलकाता पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) बनाई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि CCTV फुटेज से पीड़िता के बयान की पुष्टि हुई है और यह घटना सुनियोजित लग रही है।

गुरुवार को गिरफ्तार किए गए मनोजित मिश्रा और अन्य दो आरोपियों को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 1 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने इस मामले को लेकर टीएमसी पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, "मनोजित मिश्रा का सीधा संबंध टीएमसी के शीर्ष नेतृत्व से है और यही वजह है कि वह इतने समय तक बचता रहा।"

TMCP के फेसबुक पेज के अनुसार, मिश्रा अब भी साउथ कोलकाता यूनिट का ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी है और 2017 में कॉलेज यूनिट का अध्यक्ष भी रह चुका है।

Kolkata Law College Gangrape Case: जबरन घसीटकर ले गए गार्ड रूम में, CCTV फुटेज ने छात्रा के आरोपों पर लगाई मुहर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।