Kunal Kamra Joke Row: 'मेरी जान को खतरा है...': कुणाल कामरा को गिरफ्तारी का डर, अग्रिम जमानत के लिए पहुंचे मद्रास हाई कोर्ट

Kunal Kamra Joke Row: शिवसेना के एक पदाधिकारी द्वारा डोंबिवली पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत पर कुणाल कामरा पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 (2) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मुंबई पुलिस ने स्टैंड-अप कॉमेडियन को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में उसके समक्ष 31 मार्च को पेश होने को कहा है

अपडेटेड Mar 28, 2025 पर 12:48 PM
Story continues below Advertisement
Kunal Kamra Joke Row: कुणाल कामरा ने कहा कि अगर मुंबई वापस आऊंगा तो मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा

Kunal Kamra Joke Row: कॉमेडियन कुणाल कामरा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर अपने स्टैंड-अप शो में की गई गद्दार टिप्पणी के बाद अग्रिम जमानत के लिए मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया है। कॉमेडियन ने विवाद में FIR दर्ज होने के बाद अब अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कामरा ने अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने कहा, "मैं विल्लुपुरम (तमिलनाडु) का रहने वाला हूं। अगर मुंबई वापस आऊंगा तो मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शिवसेना कार्यकर्ताओं से मेरी जान को खतरा है।

जानकारी के अनुसार, कॉमेडियन का प्रतिनिधित्व करने वाले वकीलों ने मद्रास हाई कोर्ट की मुख्य पीठ के समक्ष एक तत्काल उल्लेख किया। शुक्रवार (28 मार्च) को दोपहर के सत्र के दौरान मामले की सुनवाई होने की संभावना है। शिंदे के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के बाद स्टैंड-अप कॉमेडियन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

शिवसेना के एक पदाधिकारी द्वारा डोंबिवली पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत पर कामरा पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 (2) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मुंबई पुलिस ने गुरुवार को स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में उसके समक्ष 31 मार्च को पेश होने को कहा।


यह मामला हाल में खार के हैबिटेट कॉमेडी क्लब में कामरा के शो से जुड़ा है, जहां उन्होंने एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए एक पैरोडी गाना गाया था। इस घटना के बाद शिवसेना समर्थकों ने जमकर हंगामा किया था। उन्होंने रविवार रात क्लब और होटल में तोड़फोड़ की थी।

शिवसेना विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर खार पुलिस ने 36 वर्षीय कामरा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि कामरा को मंगलवार को पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया था। लेकिन उन्होंने सात दिन का समय मांगा था। अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "उन्हें जारी दूसरे समन में कुणाल कामरा को 31 मार्च को पुलिस के समक्ष पेश होने को कहा गया है।"

ये भी पढ़ें- Imran Pratapgarhi Poem Row: 'अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र का अभिन्न अंग है': विवादित कविता मामले में इमरान प्रतापगढ़ी को 'सुप्रीम' राहत

पुलिस ने राहुल कनाल समेत शिवसेना के 12 लोगों को स्टूडियो में तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। हालांकि, उन्हें हिरासत में लिए जाने के कुछ घंटों बाद ही जमानत दे दी गई थी। महाराष्ट्र विधान परिषद ने भी शिंदे के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के संबंध में कामरा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस स्वीकार कर लिया है। इंस्टाग्राम बायो के अनुसार, कामरा फिलहाल मुंबई में नहीं हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।