Maharashtra: कांग्रेस और AIMIM के साथ BJP के हाथ मिलाने पर बवाल! गठबंधन से खुद फडणवीस नाराज, अपने ही नेताओं को दी चेतावनी

Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र में कुछ नगर निकायों में चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने विरोधी दलों कांग्रेस और AIMIM के साथ कथित तौर पर गठबंधन कर लिया है। हालांकि, मुख्यमंत्री फडणवीस ने ऐसे गठबंधनों को खारिज करते हुए कहा है कि इसमें शामिल पार्टी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी

अपडेटेड Jan 07, 2026 पर 4:13 PM
Story continues below Advertisement
Maharashtra civic polls 2026: महाराष्ट्र में BJP ने अपने विरोधी दलों कांग्रेस और AIMIM के साथ गठबंधन कर लिया है

Maharashtra civic polls 2026: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार (7 जनवरी) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दो नगर परिषदों में कांग्रेस और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के साथ गठबंधन तोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ये गठबंधन मंजूर नहीं हैं। महाराष्ट्र में कुछ नगर निकायों में चुनाव के बाद बीजेपी ने अपने विरोधी दलों कांग्रेस और AIMIM के साथ कथित तौर पर गठबंधन कर लिया है। हालांकि, फडणवीस ने ऐसे गठबंधनों को खारिज करते हुए कहा है कि इसमें शामिल पार्टी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पिछले महीने हुए नगर निकाय चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मुंबई से करीब 60 किलोमीटर दूर अंबरनाथ नगर परिषद में कांग्रेस और अजित पवार की NCP के साथ गठबंधन किया था। इस गठबंधन को 'अंबरनाथ विकास आघाड़ी (Ambernath Vikas Aghadi)' नाम दिया गया। इसमें बीजेपी की सहयोगी एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को बाहर कर दिया गया।

इसी तरह, अकोला जिले की अकोट नगर परिषद में बीजेपी ने ऑल इंडिया मज्लिस -ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और कुछ अन्य दलों के साथ गठबंधन किया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने साफ कहा कि ऐसे गठबंधनों को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी नहीं है। यह अनुशासन के खिलाफ है।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस या एआईएमआईएम से कोई भी गठबंधन स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिन्होंने ऐसा किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इस पर शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने कहा कि अकोट और अंबरनाथ की घटनाएं दिखाती हैं कि BJP सत्ता के लिए किसी से भी हाथ मिला सकती है।

बता दें कि महाराष्ट्र में बीजेपी, अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के गठबंधन 'महायुति' की सरकार है। अंबरनाथ में शिवसेना 27 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। लेकिन बहुमत से थोड़ा पीछे रह गई थी। इस बीच बीजेपी (14), कांग्रेस (12) और NCP (4) ने मिलकर गठबंधन बनाया। फिर बहुमत हासिल कर लिया।

ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में कट्टरपंथियों को 'प्रोटेक्शन मनी' देने को मजबूर हिंदू, फिर भी पत्रकार की कर दी हत्या

BJP की तेजश्री करंजुले पाटिल नगर परिषद की अध्यक्ष चुनी गई हैं। शिवसेना ने इस गठबंधन को अनैतिक एवं मौकापरस्ती बताया। अकोट में बीजेपी ने एआईएमआईएम समेत कई दलों के साथ 'अकोट विकास मंच (Akot Vikas Manch)' बनाया। बीजेपी को 11 और एआईएमआईएम को पांच सीट पर जीत मिली थी। अन्य दलों के समर्थन से गठबंधन को बहुमत हासिल हो गया। भगवा पार्टी की माया धुले महापौर चुनी गईं। कांग्रेस और वंचित बहुजन आघाडी यहां विपक्ष में रहीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।