Maharashtra Politics: प्रफुल्ल पटेल होंगे अजित पवार के उत्तराधिकारी? या सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र कैबिनेट में शामिल करने की मांग
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की मौत के बाद अब इस बात पर चर्चा शुरू हो गई है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की बागडोर किसके हाथ में होगी। NCP के अंदर से आवाज उठ रही है कि सुनेत्रा पवार को पार्टी अध्यक्ष एवं विधायक दल का नेता बनाया जाए। सूत्रों के मुताबिक, अगर ऐसा नहीं हो पाता है, तो प्रफुल्ल पटेल को यह जिम्मेदारी मिल सकती है
Maharashtra Politics: अजित पवार के उत्तराधिकारी की बात करें तो उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार और प्रफुल्ल पटेल का नाम सबसे आगे है
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में सभी की नजरें पवार परिवार और फडणवीस कैबिनेट में फेरबदल पर है। खासकर इस बात पर अधिक चर्चा हो रही है कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की मौत के बाद नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) की बागडोर किसके हाथ में होगी। NCP के अंदर से आवाज उठ रही है कि अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को पार्टी अध्यक्ष एवं विधायक दल का नेता बनाया जाए। सूत्रों के मुताबिक, अगर राजनीतिक वजहों से ऐसा नहीं हो पाता है, तो NCP के प्रफुल्ल पटेल को यह जिम्मेदारी मिल सकती है।
इसकी एक वजह यह हो सकती है कि प्रफुल्ल पटेल की छवि एक रणनीतिकार और मुश्किलों को हल करने वाले नेता की है। एक और बात जो उनकी ताकत बढ़ाती है, वह है दिल्ली से उनके शानदार कनेक्शन...। इस बीच, CNN-News18 को सूत्रों ने बताया कि अजित पवार की प्लेन क्रैश में अचानक मौत के बाद महाराष्ट्र कैबिनेट में फेरबदल होने की संभावना है।
नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) उनके विभागों पर दावा करने की कोशिश कर रही है। सूत्रों ने बताया कि NCP महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक लेटर सौंप सकती है। इसमें मांग की जाएगी कि अजित पवार के विभाग NCP को दिए जाएं, क्योंकि ये विभाग पार्टी के कोटे में आते थे।
अजित पवार की मौत के समय NCP के पास फाइनेंस, प्लानिंग और स्टेट एक्साइज डिपार्टमेंट का कंट्रोल था। पवार ने खेल और युवा कल्याण और अल्पसंख्यक विकास का भी अतिरिक्त प्रभार संभाला था। ये सभी पद अब खाली हैं। ऐसे में उम्मीद है कि NCP इन पोर्टफोलियो पर दावा करेगी।
प्रफुल्ल पटेल क्यों बने मुख्य दावेदार?
सूत्रों के मुताबिक, यूनाइटेड प्रोग्रेसिव अलायंस (UPA) सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री (2004 से 2011) के तौर पर काम कर चुके प्रफुल्ल पटेल के सत्ताधारी और विपक्षी दोनों पार्टियों के टॉप नेताओं के साथ गहरे संबंध हैं। बीजेपी नेतृत्व के साथ उनके अच्छे तालमेल ने यह सुनिश्चित किया कि नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) में NCP का अजीत पवार गुट प्रासंगिक बना रहे। जब NCP में फूट पड़ी तो प्रफुल्ल पटेल ने ही पर्दे के पीछे से कानूनी पेचीदगियों और चुनाव आयोग के साथ लड़ाई को संभाला।
उन्हें शरद पवार के सबसे करीबी रणनीतिकारों में से एक माना जाता था। इसलिए उन्हें शरद पवार की चालों की जानकारी थी। वे उनका मुकाबला करने में सक्षम थे। प्रफुल्ल पटेल का प्रभाव सिर्फ राजनीति तक ही सीमित नहीं है। कॉर्पोरेट जगत में उनकी पहुंच जगजाहिर है। सूत्रों के मुताबिक, चाहें चुनावों के दौरान पार्टी के लिए संसाधन जुटाना हो या गठबंधन सहयोगियों के साथ कड़ी सौदेबाजी करना हो... प्रफुल्ल पटेल को इस खेल का माहिर माना जाता है।
अपने लंबे राजनीतिक करियर में नागरिक उड्डयन के अलावा उन्होंने भारी उद्योग और सार्वजनिक उद्यम (2011 से 2014) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भी संभाला है। प्रफुल्ल पटेल चार बार लोकसभा सांसद और छह बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। उन्होंने 10वीं (1991), 11वीं (1996), 12वीं (1998), और 15वीं (2009) लोकसभा में भंडारा-गोंदिया निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
राज्यसभा में उनका कार्यकाल छह बार का रहा। इसकी शुरुआत 2000, और 2006, 2014, 2016, 2022, और हाल ही में 2024 में हुई। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए अगर सुनेत्रा पवार को NCP का प्रमुख नहीं बनाया जाता है, तो प्रफुल्ल पटेल को एक काबिल और अनुभवी नेता के तौर पर पेश किया जा सकता है। वह पार्टी का नेतृत्व करने के लायक हैं।
सुनेत्रा पवार बनेंगी डिप्टी सीएम?
NCP में कुछ नेताओं ने सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाने का सुझाव दिया है। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि प्रफुल्ल पटेल जैसा अनुभवी व्यक्ति ही महाराष्ट्र के जटिल राजनीतिक समीकरणों में पार्टी को रास्ता दिखा सकता है। इस बीच, अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत के एक दिन बाद उनकी NCP के नेताओं ने उनकी पत्नी सुनेत्रा को राज्य मंत्रिमंडल में स्थान देने की मांग उठाई है।
वहीं, विपक्षी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने इस बात का संकेत दिया है कि वह प्रतिद्वंद्वी गुटों के विलय के प्रयासों को आगे बढ़ाने का स्वागत करेगी। NCP के नेताओं ने यह भी सुझाव दिया कि सुनेत्रा पवार को आगे आकर पार्टी का नेतृत्व करना चाहिए।
अजित पवार की NCP राज्य में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा है जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना भी शामिल हैं। सुनेत्रा पवार वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं। NCP के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र में कैबिनेट मंत्री नरहरि झिरवाल ने कहा कि जनता चाहती है कि दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए।