Maharashtra Politics: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र में कैबिनेट मंत्री नरहरि झिरवाल ने गुरुवार (29 जनवरी) को कहा कि जनता चाहती है कि दिवंगत डिप्टी सीएम अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को राज्य के मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए। NCP के कुछ नेता सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम बनाने की मांग कर रहे हैं। अजित पवार की NCP राज्य में सत्तारूढ़ 'महायुति' गठबंधन का हिस्सा है। इसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना भी शामिल हैं। सुनेत्रा पवार वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं।
अजित पवार के निधन के बाद नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) का प्रमुख कौन बनेगा। इस बारे में तमाम तरह की अटकलें चल रही हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार पार्टी की कमान संभाल सकती हैं। सूत्रों के मुताबिक, पता चला है कि NCP नेता छगन भुजबल और प्रफुल्ल पटेल ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि वे 'असली' NCP के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर उनका समर्थन कर रहे हैं।
कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनेत्रा पवार अपने दिवंगत पति अजित पवार की खाली की गई सीट से विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं। इस बीच, अजित पवार के निधन के बाद NCP के भविष्य के बारे में पूछे जाने पर कैबिनेट मंत्री नरहरि झिरवाल ने कहा कि लोग चाहते हैं कि 'वहिनी' (यानी भाभी सुनेत्रा पवार) को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए।
अजित पवार के करीबी रहे झिरवाल ने बारामती में नेता के अंतिम संस्कार के बाद एक न्यूज चैनल से कहा, "हम इस बारे में नेतृत्व से बात करेंगे और फैसला लेंगे।" NCP के दोनों गुटों के विलय के संबंध में पूछे गए सवाल पर झिरवाल ने कहा, "दोनों गुट पहले से ही एक हैं। सभी को यह एहसास हो गया है कि बिखरे रहने का कोई फायदा नहीं है। एकजुट होना ही होगा।" बुधवार को पुणे जिले के बारामती में चार्टर्ड विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई।
जुलाई 2023 में अजित पवार तत्कालीन एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली राज्य सरकार में शामिल हुए थे। इसके कारण उनके चाचा शरद पवार द्वारा स्थापित NCP में फूट पड़ गई थी। महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती में शोकाकुल लोगों ने गुरुवार को अपने प्रिय नेता उपमुख्यमंत्री अजित पवार को अंतिम विदाई दी। पवार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
अंतिम विदाई के लिए आए लोगों से खचाखच भरे बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पवार के बेटों पार्थ और जय ने चिता को मुखाग्नि दी। उनकी पत्नी एवं राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाई। उनकी आंखों से आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हर ओर 'अजित दादा अमर रहे' के नारे गूंज रहे थे।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, मुरलीधर मोहोल, पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार (जो अजित पवार के चाचा हैं) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) अध्यक्ष नितिन नबीन 66 वर्षीय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी इस दौरान बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में उपस्थित थे। बारामती पवार परिवार का गृहनगर है, जो पुणे से 100 किलोमीटर दूर है।
सुनेत्रा पवार जब अपने दिवंगत पति को श्रद्धांजलि दे रही थीं तो बारामती से NCP (शरदचंद्र पवार) की लोकसभा सदस्य एवं उनकी चचेरी बहन सुप्रिया सुले अपनी चाची (सुनेत्रा पवार) के साथ खड़ी और उन्हें सांत्वना देती दिखीं। इस दौरान NCP के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल भी उपस्थित थे।