केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रांची जोनल ऑफिस ने GST ITC Scam मामले में बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, ED की टीम ने आज यानी 30 सितंबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 17 के तहत चार ठिकानों पर सर्च और जब्ती की कार्रवाई शुरू की।
जमशेदपुर और कोलकाता में छापेमारी
ED के मुताबिक, तलाशी की कार्रवाई झारखंड के जमशेदपुर में तीन और पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक ठिकाने पर की जा रही है। ये परिसर ज्ञान चंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल, संजय पारेख (ज्ञान चंद जायसवाल के अकाउंटेंट) और अन्य संबंधित लोगों से जुड़े बताए गए हैं।
फर्जी GST ITC लेने का आरोप
यह कार्रवाई शिव कुमार देवरा और अन्य के खिलाफ दर्ज GST ITC Scam मामले से जुड़ी है। जांच में आरोप है कि ज्ञान चंद जायसवाल ने बिना किसी वास्तविक माल की आपूर्ति के फर्जी GST इनवॉयस हासिल कर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ लिया।
ED की जांच के अनुसार, कथित तौर पर ऐसी गैर-मौजूद संस्थाओं से इनवॉयस लिए गए, जिन्होंने वास्तव में कोई माल सप्लाई नहीं किया था। एजेंसी इन लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल ED की सर्च और सीजर कार्रवाई जारी है।