अगर आप हवाई जहाज से सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए है। यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए सरकार ने एयरलाइंस के लिए कई नए निर्देश जारी किए हैं। DGCA ने एयरलाइन कंपनियों को दिए गए निर्देश में कहा है कि अब फ्लाइट्स में मिनिमम 60 फीसदी सीटों का आवंटन बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के फ्री होगा। इसका मतलब है कि वेब चेक-इन या सीट सेलेक्शन के दौरान यात्रियों से वसूले जाने वाले एक्स्ट्रा शुल्क पर लगाम लगेगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक अब तक केवल सीमित सीटें ही मुफ्त में दी जाती थीं, जबकि बाकी सीटों के लिए यात्रियों से अतिरिक्त शुल्क लिया जाता था। नए निर्देश के लागू होने के बाद अधिकतर यात्रियों को बिना अतिरिक्त खर्च के सीट चुनने का विकल्प मिलेगा। इसका उद्देश्य यात्रियों को निष्पक्ष और सस्ती सीट चयन सुविधा देना है।
