Nirav Modi PNB Fraud Case: नीरव मोदी से जुड़े PNB बैंक फ्रॉड केस में केंद्रीय जांच एजेंसी CBI को बड़ी कामयाबी मिली है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय (MEA) और गृह मंत्रालय (MHA) के समन्वय से UAE से रेड नोटिस आरोपी संदीप मिस्त्री को डिपोर्ट कराकर भारत लाया है।
दरअसल CBI के मुताबिक, संदीप मिस्त्री नीरव मोदी PNB फ्रॉड केस में वांटेड था। यह मामला CBI की बैंक सिक्योरिटीज एंड फ्रॉड ब्रांच (BSFB), मुंबई में दर्ज है। आरोपी पर फर्जी अंतरराष्ट्रीय व्यापार लेनदेन के जरिए बैंक फ्रॉड में शामिल होने का आरोप है।
फर्जी डायमंड-ज्वेलरी ट्रेड के जरिए बैंक फ्रॉड का आरोप
जांच के मुताबिक, संदीप मिस्त्री विभिन्न कंपनियों के बीच एक अहम कड़ी के तौर पर काम करता था। वह इन कंपनियों के रोजमर्रा के कामकाज की निगरानी करता था और सबूत छिपाने के लिए गुप्त और सेल्फ-डिलीटिंग कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म के जरिए निर्देश देता था।
CBI का आरोप है कि आरोपी ने हीरे, सोने और मोती की ज्वेलरी के फर्जी व्यापार को वास्तविक दिखाने के लिए जाली इंपोर्ट-एक्सपोर्ट दस्तावेज तैयार कराने में भी मदद की।
डमी कंपनियों के डायरेक्टरों पर दबाव बनाने का आरोप
CBI के अनुसार, संदीप मिस्त्री ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर विदेशी कंपनियों के डमी डायरेक्टरों पर भी दबाव बनाया। उन्हें गिरफ्तारी की धमकी देने, दूसरी जगहों पर भेजने, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने और ऐसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का आरोप है, जिनसे इन डमी कंपनियों को वास्तविक मालिकों के स्वामित्व वाली कंपनियों के तौर पर दिखाया जा सके।
जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी ने UAE में डमी कंपनियों के बैंक खातों से रकम निकालने यानी फंड सिफोनिंग में भी भूमिका निभाई। इस मामले में सक्षम अदालत के समक्ष चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
जुलाई 2026 में जारी हुआ था रेड कॉर्नर नोटिस
CBI के अनुरोध पर जुलाई 2026 में INTERPOL चैनल के जरिए संदीप मिस्त्री के खिलाफ रेड नोटिस प्रकाशित किया गया था। इसके बाद UAE अधिकारियों ने आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार किया और भारत डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू की।
CBI के मुताबिक, रेड नोटिस जारी होने के करीब दो महीने के भीतर आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया और भारत वापस लाया गया। एजेंसी ने इसे संबंधित भारतीय और विदेशी एजेंसियों के बीच तेज अंतरराष्ट्रीय समन्वय का परिणाम बताया है।
मुंबई पहुंचते ही CBI ने लिया कब्जे में
संदीप मिस्त्री 28 सितंबर 2026 की रात 11:55 बजे मुंबई पहुंचा, जिसके बाद CBI BSFB, मुंबई के अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी को सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल कस्टडी में भेज दिया गया।