VIDEO: 'ख्वाब हो तुम या...'; BRICS में दिखा बॉलीवुड का रंग! किशोर कुमार के जबरा फैन निकले मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम, हिंदी गायकी का वीडियो वायरल
Anwar Ibrahim Video: 18वें BRICS समिट के दौरान नई दिल्ली में मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने बॉलीवुड डिप्लोमेसी की एक झलक दिखाई। उन्होंने मशहूर गायक किशोर कुमार का सदाबहार गाना 'ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत...' गाकर सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया। मलेशियाई नेता ने खुद अपनी इस परफॉर्मेंस का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है
Anwar Ibrahim Channels Kishore Kumar: दिल्ली में मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम ने गाया किशोर कुमार का गाना, वीडियो हुआ वायरल
Anwar Ibrahim Video: भारत में आयोजित 18वें BRICS समिट के दौरान कूटनीतिक चर्चाओं के बीच एक ऐसा पल भी देखने को मिला, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने नई दिल्ली में महान सिंगर किशोर कुमार के सदाबहार गीत 'ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत..' को अपनी आवाज में गाकर महफिल लूट ली। उनके इस अंदाज ने ब्रिक्स सम्मेलन में बॉलीवुड का तड़का लगा दिया।
अनवर इब्राहिम ने अपने इस खास परफॉर्मेंस का वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में मलेशियाई प्रधानमंत्री एक पियानोवादक के साथ किशोर कुमार का मशहूर गीत गाते नजर आ रहे हैं। उनके इस अनौपचारिक अंदाज को कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी खूब पसंद किया।
दिल्ली में BRICS के बीच संगीत का रंग
मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम भारत की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में BRICS के पार्टनर देश के नेता के तौर पर शामिल हुए। आधिकारिक बैठकों और अहम कूटनीतिक चर्चाओं के बीच एक अनौपचारिक कार्यक्रम में उन्होंने 1965 की फिल्म 'तीन देवियां' के लोकप्रिय रोमांटिक गीत 'ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत..' को गाया। यह गीत महान संगीतकार एस.डी. बर्मन की रचना है। इसे किशोर कुमार ने अपनी यादगार आवाज दी थी। अनवर इब्राहिम ने पियानो की धुन के साथ इस गीत को गाया तो वहां मौजूद लोगों के लिए यह एक खास और यादगार पल बन गया।
सोशल मीडिया पर भी छाया वीडियो
अनवर इब्राहिम ने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक हल्के-फुल्के मलय कैप्शन के साथ शेयर किया। इसका अर्थ था, "टीचर, क्या मुझे थोड़ी देर गाने की इजाजत मिल सकती है?" वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के लोगों ने मलेशियाई प्रधानमंत्री के इस अंदाज की जमकर तारीफ की। कई लोगों के लिए यह कूटनीतिक बैठकों से अलग भारत और मलेशिया के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव की एक खूबसूरत तस्वीर थी।
पहले भी दिखा चुके हैं हिंदी गानों के प्रति प्यार
अनवर इब्राहिम का भारतीय संगीत और हिंदी सिनेमा के प्रति लगाव कोई नया नहीं है। वह इससे पहले भी भारत की यात्राओं और द्विपक्षीय कार्यक्रमों के दौरान पुराने हिंदी गानों के प्रति अपनी पसंद जाहिर कर चुके हैं। मलेशियाई पीएम पहले किशोर कुमार और मुकेश जैसे महान गायकों के गीत भी गा चुके हैं। भारतीय फिल्मों और संगीत के प्रति उनका यह लगाव दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने वाला माना जाता है।
संगीत को बनाया सांस्कृतिक कूटनीति का जरिया
अनवर इब्राहिम समय-समय पर भारत और मलेशिया के बीच साझा ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों पर जोर देते रहे हैं। भारतीय लोकप्रिय संगीत उनके लिए केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि दोनों देशों के लोगों को जोड़ने वाला एक सांस्कृतिक पुल भी है। उनका यह अंदाज 'सॉफ्ट पावर डिप्लोमेसी' का भी उदाहरण माना जा सकता है। जहां राजनयिक बैठकों में व्यापार, अर्थव्यवस्था और भू-राजनीति जैसे मुद्दों पर चर्चा होती है। वहीं, संगीत और सिनेमा लोगों के बीच भावनात्मक और सांस्कृतिक संबंध मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
दोनों देशों के बीच अहम मुद्दों पर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मलेशियाई समकक्ष इब्राहिम ने शनिवार को व्यापार, सेमीकंडक्टर, इंफ्रास्ट्रक्चर और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर बातचीत की। दोनों नेताओं की मुलाकात ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान हुई। मलेशिया ब्रिक्स समूह का एक सहयोगी देश है। यह आसियान ब्लॉक में भी भारत का एक अहम सहयोगी है। बैठक के बाद PM मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा, "समुद्री पड़ोसी, करीबी सहयोगी और हमारे लोगों के बीच मजबूत दोस्ती। प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिलकर खुशी हुई।"
उन्होंने आगे कहा, "भारत-मलेशिया के संबंध सेमीकंडक्टर, अहम खनिजों, स्वच्छ ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर और टैलेंट के आदान-प्रदान जैसे नए और बड़े क्षेत्रों में बढ़ रहे हैं।" PM मोदी ने कहा कि रक्षा सहयोग का बढ़ना, दोनों देशों के बीच निवेश का विस्तार और लोगों के बीच गहरे संबंध दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी में नई गति को दर्शाते हैं।
अनवर ने कहा कि उन्होंने भारत के तेजी से बढ़ते बाजार में मलेशियाई कंपनियों के लिए मौके बनाने के मकसद से मलेशियाई निर्यात के लिए बाजार तक पहुंच को आसान और तेज करने की जरूरत पर जोर दिया। मलेशियाई प्रधानमंत्री ने बताया कि बातचीत में रणनीतिक क्षेत्रों, खासकर सेमीकंडक्टर उद्योग में सहयोग बढ़ाने की कोशिशों पर भी चर्चा हुई।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने फरवरी में पीएम मोदी की मलेशिया यात्रा के नतीजों की समीक्षा की और व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच संबंधों जैसे क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति का जायजा लिया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के अपने संकल्प को दोहराया।