Mallikarjun Kharge: मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुजरातियों को 'अनपढ़' कहने पर मांगी माफी, कांग्रेस प्रमुख के खिलाफ गुजरात में प्रदर्शन

Mallikarjun Kharge: केरलम के इडुक्की जिले में एक रैली के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राज्य के लोग 'शिक्षित और समझदार' हैं। उन्हें गुमराह नहीं किया जा सकता है। जबकि गुजरात और कुछ अन्य स्थानों के लोग 'अशिक्षित' हैं। उनकी इस टिप्पणी के बाद भारी विवाद शुरू हो गया है। अब उनको माफी मांगनी पड़ी है

अपडेटेड Apr 08, 2026 पर 4:41 PM
Story continues below Advertisement
Mallikarjun Kharge: मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ कहने पर खेद जताया

Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केरलम में चुनाव प्रचार के दौरान गुजरात के लोगों को 'अशिक्षित' कहने के लिए बुधवार (8 अप्रैल) को खेद प्रकट किया। खड़गे ने कहा कि उनके मन में गुजराती जनता के प्रति बहुत सम्मान है। कांग्रेस प्रमुख ने रविवार (5 अप्रैल) को केरलम में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिये गए भाषण में गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ बताया था। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें बेवकूफ बना रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने उनके बयान का भारी विरोध किया है। इसके बाद उन्होंने बुधवार को X पर पोस्ट किया, "हाल ही में केरल में दिए गए मेरे एक चुनावी भाषण की कुछ टिप्पणियों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। फिर भी, मैं अपनी तरफ से जिम्मेदारी के साथ खेद व्यक्त करता हूं। गुजरात के लोगों के प्रति मेरे मन में सर्वोच्च सम्मान रहा है और हमेशा रहेगा। वहां के लोगों की भावनाओं को आहत करना मेरा कभी उद्देश्य नहीं था।"

कांग्रेस अध्यक्ष ने केरल की चुनावी सभा में कहा, "केरल के लोगों को गुमराह मत कीजिए। वे बहुत चतुर और शिक्षित हैं। मोदी जी, विजयन, आप दोनों गुजरात या अन्य जगहों के अशिक्षित लोगों को मूर्ख बना सकते हैं, लेकिन केरल के लोगों को मूर्ख नहीं बना सकते।" खड़गे की इस टिप्पणी पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने इसे गुजरात और उत्तर भारत के लोगों का अपमान बताया था।


BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष को बताना चाहिए कि महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और गुजरात, उत्तर प्रदेश तथा उत्तर भारत के अन्य हिस्सों से आने वाले कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं की बुद्धिमत्ता पर उनकी क्या रय है।

गुजराती समूहों ने किया प्रदर्शन

गुजराती समुदाय के सदस्यों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हाल में केरल में चुनाव प्रचार के दौरान की गई टिप्पणी के विरोध में बुधवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने 'अपमान की राजनीति बंद करो' और 'गुजरात जाग चुका है' जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने गुजराती समुदाय के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों पर रोष व्यक्त किया। बीजेपी के नेताओं और गुजराती संगठनों के सदस्यों ने प्रदर्शन में भाग लिया। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से माफी की मांग की।

गुजरात के वंसदा से भारतीय जनता पार्टी (के विधायक धवल पटेल ने आरोप लगाया कि ये टिप्पणियां विपक्षी नेताओं द्वारा गुजराती लोगों का अपमान करने के एक पैटर्न को दर्शाती हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य के पूर्व के बयानों का हवाला देते हुए दावा किया कि ऐसी टिप्पणियों ने देश भर में समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। आणंद से सांसद मितेश पटेल ने कहा कि सामुदायिक समूहों की अपील के बाद गुजराती लोग दिल्ली में एकत्रित हुए हैं।

ये भी पढे़ं- Sharad Pawar Political Journey: शरद पवार ने संसद में व्हील चेयर पर ली शपथ! 85 साल की उम्र और 68 साल का राजनैतिक सफर, यूं ही नहीं कहा जाता राजनीति का 'चाणक्य'

महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे नेताओं के योगदान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात ने देश के इतिहास और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि खड़गे के बयान के खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक खड़गे और अन्य कांग्रेस नेता माफी नहीं मांग लेते।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।