चलती ट्रेन में महिला के बैग से चुराए 400 ग्राम सोने के गहने, Instagram से ऐसे पकड़ा गया आरोपी

चलती ट्रेन में बुजुर्ग महिला के करीब 400 ग्राम सोने के 50 गहने चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान तमिलनाडु के बालामुरुगन के रूप में हुई है। आरोपी तक पहुंचने में उसके इंस्टाग्राम रील्स ने अहम भूमिका निभाई। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला

अपडेटेड Nov 12, 2026 पर 10:39 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कुमारी नाम की बुजुर्ग महिला 2 नवंबर को चेन्नई से चेंगन्नूर जा रही थी (Photo: Canva)

एक बुजुर्ग महिला के सोने के 50 गहने चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार किया है। बुजूर्ग महिला के साथ ये घटना चलती ट्रेन में हुई। आरोपी की पहचान तमिलनाडु के डिंडीगुल के 38 वर्षीय बालामुरुगन के रूप में हुई। करीब 400 ग्राम सोने के गहने चोरी करने के बाद आरोपी ने बचने की काफी कोशिश की, लेकिन उसके इंस्टाग्राम रील्स की मदद से पुलिस उस तक पहुंची। पुलिस ने आरोपी को 11 नवंबर को कोयंबटूर से चोरी किए गए सोने को बेचने की कोशिश करते समय गिरफ्तार किया। आरोपी के पलक्कड़ रेलवे पुलिस और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान पकड़ा। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला

पुलिस ने 600 CCTV कैमरों को खंगाला

जानकारी के मुताबिक, कुमारी नाम की बुजुर्ग महिला 2 नवंबर को चेन्नई से चेंगन्नूर जा रही थी। वह अपने बेटे के घर से परिवार में होने वाली शादी के लिए करीब 400 ग्राम सोने के 50 गहने लेकर ट्रेन में सफर कर रही थी। 3 नवंबर को जब ट्रेन त्रिशूर रेलवे स्टेशन पहुंची, तब महिला को पता चला कि उसके बैग से सभी गहने गायब हैं। महिला की शिकायत मिलने के बाद रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर लगे करीब 600 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। लेकिन, आरोपी ने चेहरे पर मास्क पहन रखा था, जिसकी वजह से उसकी पहचान करना पुलिस के लिए मुश्किल हो गया।


पुलिस से बचने के लिए अपनाए कई तरीके

चोरी के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए कई तरीके अपनाए। उसने एक बार दूसरी ट्रेन में चढ़ने का दिखावा किया, जबकि वह उसमें सवार ही नहीं हुआ। इसके बाद उसने अलग-अलग बसों में सफर करने का नाटक कर जांच टीम को भटकाने की कोशिश की। पुलिस से अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने कई बार कपड़े भी बदले। लेकिन, पलक्कड़ रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज से पुलिस को अहम सुराग मिला। जांच के दौरान संदिग्ध की पहचान तमिलनाडु के डिंडीगुल निवासी बालामुरुगन के रूप में हुई, जो इंस्टाग्राम पर भी काफी एक्टिव है।

इंस्टाग्राम से ढूंढने में मिला मदद

पुलिस के मुताबिक, वह सलेम से ट्रेन में सवार हुआ था और उसने कथित तौर पर पहले से योजना बनाकर महिला के बैग से सोने के गहने चुराए। इसके बाद वह पलक्कड़ स्टेशन पर उतरकर तमिलनाडु भाग गया। इसके बाद पुलिस ने बालामुरुगन के इंस्टाग्राम अकाउंट और उसकी ओर से शेयर किए गए रील्स की जांच शुरू की। वह अक्सर अपनी यात्राओं और घूमने की जगहों से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। पुलिस को इन्हीं पोस्ट से उसके ठिकाने के बारे में कई अहम सुराग मिले। इस तरह सोशल मीडिया पर उसकी लगातार सक्रियता ही पुलिस के लिए उसे ढूंढने में मददगार साबित हुई।

इंस्टा पर काफी एक्टिव रहता है आरोपी

इंस्टाग्राम रील्स से मिले सुराग के आधार पर रेलवे पुलिस और RPF ने मिलकर कार्रवाई की और कोयंबटूर से बालामुरुगन को गिरफ्तार कर लिया। बालामुरुगन एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर है और सोशल मीडिया पर उसके काफी फॉलोअर्स हैं। स्थानीय लोग उसे एक अच्छे और नेक इंसान के तौर पर जानते थे। इलाके में उसकी छवि भी काफी अच्छी थी। ऐसे में चोरी के मामले में उसका नाम सामने आने से स्थानीय लोग हैरान हैं। लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि अच्छी छवि रखने वाला व्यक्ति इस तरह के मामले में शामिल हो सकता है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और चोरी हुए सभी सोने के गहने बरामद करने की कोशिश में जुटी है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।